Thu. Jun 11th, 2026

उत्तराखंड के 7 जिलों में अगले 24 घंटों में होगी बारिश, येलो अलर्ट जारी

राज्य के देहरादून, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। जबकि, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि का अनुमान है।

फरवरी महीने के आखिरी और मार्च के पहले दिन उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ तक बारिश की संभावना है। एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले 24 घंटे में देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। जबकि, 3500 मीटर या अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम में बदलाव के चलते सोमवार को राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चमोली के पांडुकेश्वर में सबसे अधिक 12.5 मिमी, नारायण आश्रम में 7 मिमी, जौलजीबी में 6.5 मिमी, तपोवन में 5 मिमी, जखोली में 10 मिमी, मुंस्यारी में 8.4 मिमी, धारचूला में 4 मिमी और ऊखीमठ में 2.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले 24 घंटे में देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ही बिजली गिरने की संभावना है। जानकी, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *