Fri. Aug 14th, 2026

नवविवाहिता की हत्या: हुई थी लव मैरिज, अब घर में मिला शव, पति फरार

जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा ने यूपी के रामपुर निवासी जेबा खानम उर्फ मोना से शादी की थी। दो दिन पहले जेबा खानम ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी हत्या की जा सकती है। सोमवार को जब उसकी बहन घर पहुंची तो वहां उसका शव मिला। 

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा में नव विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने बंद मकान से महिला का शव बरामद किया। मकान दो दिन से बंद था। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। हत्या की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शेखर सुयाल और सीओ विवेक कुमार मौके पर मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा ने यूपी के रामपुर निवासी जेबा खानम उर्फ मोना से शादी की थी। मृतका की बहन ने बताया कि दोनों की लव मैरिज थी।
शादी के बाद से दोनों मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा स्थिति नबी कालोनी में रह रहे थे। मृतका की बहन तरन्नुम ने बताया कि दो दिन पहले जेबा खानम ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी हत्या की जा सकती है। तरन्नुम ने बताया कि वह तभी से बहन जेबा और बहनोई समीर से फोन पर संपर्क कर रही थी, लेकिन कोई भी फोन नहीं उठा रहा था। सोमवार की शाम वह मंगलौर पहुंची तो उसे मकान का दरवाजा बंद मिला और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिस पर उसे शक हुआ तो उसने मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्रित हो गई। मकान का ताला लगा होने के कारण पुलिस पास के ही निर्माणाधीन मकान से समीर के मकान में दाखिल हुई। पुलिस जांच पड़ताल के साथ ही आस-पास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि महिला के गले पर निशान मिले हैं। चेहरा बुरी हालत में था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। उसका पति फरार है उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *