Sat. Oct 17th, 2026

मसूरी: अक्षय कुमार और राशि खन्ना ने माल रोड पर की फिल्म की शूटिंग

मसूरी। अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना ने मसूरी के माल रोड और लाइब्रेरी चौक पर फिल्म की शूटिंग की। दोनों सितारों की एक झलक पाने के लिए शूटिंग स्थल पर बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। हालांकि, शूटिंग के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते प्रशंसक अपने पसंदीदा सितारों की स्पष्ट तस्वीरें नहीं ले सके।

मौसम साफ रहने के बाद फिल्म यूनिट की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग किए जाने की योजना है। इससे आने वाले दिनों में मसूरी के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी फिल्म की शूटिंग देखने को मिल सकती है। बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से शहर में फिल्म शूटिंग को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह बना हुआ है। इससे पहले बुधवार को भी मसूरी में फिल्म की शूटिंग की तैयारी की गई थी। सुबह करीब नौ बजे होटल के नजदीक सेट तैयार कर लिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद सेट हटा दिया गया और शूटिंग नहीं हो सकी।

होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया था कि उनके होटल के नजदीक शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। उस समय अभिनेता की पीठ में खिंचाव आने के कारण शूटिंग रुकने की बात सामने आई थी। उनके गेस्ट हाउस में उपचार किए जाने की जानकारी भी मिली थी, हालांकि स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने इस संबंध में जानकारी देने से इनकार कर दिया था। मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। वहां उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *