Sun. Dec 21st, 2025

महानगर भाजपा ने झंडारोहण और मिष्ठान वितरण कर मनाया स्थापना दिवस

-स्क्रीन लगाकर सुना प्रधानमंत्री मोदी का उद्बोधन। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने आवास, महानगर के सभी 15 मंडलों, सभी 913 बूथों पर पार्टी ध्वज फहराया।

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। भाजपा महानगर कार्यकर्ताओं ने पार्टी का 41वां स्थापना दिवस आज झंडारोहण और मिष्ठान वितरण कर किया। साथ ही स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन सुना। स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने आवास, महानगर के सभी 15 मंडलों, सभी 913 बूथों पर पार्टी ध्वज फहराया।

कार्यक्रम बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके देश में 16 करोड़ से अधिक और उत्तराखंड में 16 लाख से अधिक सदस्य हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के सदस्य हैं। प्रदेश के सभी 11233 बूथों पर इकाइयां गठित है। उनके पन्ना प्रमुख भी बनाए गए हैं।


उन्होंने कहा कि हम जैसा पार्टी स्थापना के समय देश-दुनिया के बारे में सोचते थे, सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी वैसा ही सोचते हैं। न सिर्फ सोचते हैं, बल्कि उस सोच को धरातल पर भी उतारते हैं। क्योंकि, हम विचार आधारित पार्टी हैं न कि परिवार आधारित। विपक्षियों के लिए जहां परिवार ही पार्टी है, हमारे लिए पार्टी ही परिवार है।
गोयल ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि 1950 में एक देश में दो विधान, दो निशान, दो संविधान के विरोध में उन्होंने प्राणों का बलिदान दिया। इसी प्रकार 1965 में देश को अंत्योदय का विचार देने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भी अपना बलिदान दिया। उनका लगाया हुआ पौधा अब वटवृक्ष बन गया है। उनके सिद्धांतों को साकार करने का काम वर्तमान भाजपा नेतृत्व कर रहा है। मोदी के नेतृत्व में देश और जेपी नड्डा के नेतृत्व में संगठन दिन दुगनी रात चौगुनी प्रगति पर है।

वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर ने कहा कि हम भले ही कार्यकर्ता राजनीतिक क्षेत्र के हों, लेकिन समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाते हैं। हमारा सौभाग्य है कि हम ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं जो अपने संगठन से भी पहले राष्ट्र को वरीयता देता है।
कार्यक्रम महानगर कार्यकारी अध्यक्ष डॉ उदय पुंडीर की अध्यक्षता और महामंत्री रतन चौहान के संचालन में हुआ। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, सोशल मीडिया प्रभारी अनुराग भाटिया, कोषाध्यक्ष लच्छू गुप्ता, मंडल अध्यक्ष बबलू बंसल, पूनम नौटियाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंशुल चावला, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष धर्मपाल घाघट, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जावेद आलम, आशीष नागरथ, सुनील शर्मा, सतेंद्र नेगी, अमिता सिंह, साधना पैन्यूली, शारदा गुप्ता, कृष्णा भूवलखा, नीलू साहनी, तारा देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *