Fri. May 17th, 2024

मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्र में लगाई रात्रि चौपाल

चंपावत जनपद के ग्राम ठाटा (लोहाघाट) में आयोजित रात्रि चौपाल में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से किया सीधा जन संवाद। उन्होंने गांव में बने होमस्टे में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों को स्वरोजगार का संदेश दिया।

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। गांव चलो अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चंपावत जनपद के सीमांत क्षेत्र के ग्राम ठाटा (ब्लाक लोहाघाट) पहुंचे। मुख्यमंत्री का गुमदेश की क्षेत्रीय जनता ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी जनता के बीच नन्हे बच्चों से भी रूबरू हुए और उनसे बातचीत कर उनका हाल जाना।

मुख्यमंत्री ने ठाटा गांव के मां भगवती मंदिर में पूजा अर्चना कर जनपद व प्रदेश की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। रात्रि चौपाल के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री लोगों के बीच प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे काम को आमजन के बीच बैठकर ही समझा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान व सभी पात्र लोगों को सरकारी योजना का लाभ हर गांव, हर परिवार तक पहुंचाए जाने पर चर्चा की।

घरों में पहुंची रसोई गैस और शुद्ध पानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में घर घर तक आज रसोई गैस पंहुच गई है। साथ ही अब घर- घर शुद्ध पानी पंहुच रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि हमें पहले फोला (गगरी) लेकर सुबह 3 बजे पानी लेने जाना पड़ता था। लेकिन, अब घर पर ही पानी आ गया है। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना लाए, जिसमें 5 लाख तक का निशुल्क इलाज मिल रहा है। जहां पहले पैदल चलकर जाना पड़ता था, वहां वह आज गांव गांव में सड़क सुविधा हो रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ कर और अधिक सशक्त बनाए जाने के लिए लखपति दीदी योजना पर कार्य किया जा रहा है। राज्य के अंतर्गत रोजगार के साथ ही युवा स्वरोजगार की ओर बढ़े। इसके लिए भी कई कार्य किए जा रहे हैं।

चंपावत को आदर्श जनपद बनाने को हो रहे काम

उन्होंने कहा, जनपद चंपावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए कई विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यह जनपद राज्य के साथ- साथ पूरे देश में एक आदर्श जिले की मिसाल बने। धामी ने गांव में बने होमस्टे में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों को स्वरोजगार का संदेश दिया। कहा कि राज्य के अंतर्गत होमस्टे को बढ़ावा मिले, इसके लिए सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

कश्मीर के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने धारा 370 को खत्म कर कश्मीर के लोगों को देश की मुख्यधारा से जोड़ा है। तीन तलाक को खत्म कराया। भगवान श्री राम को टैंट से उनके असली घर में विराजमान कराया।
सीएम ने कहा कि हमने संकल्प लिया कि उत्तराखंड में रहने वाले प्रत्येक नागरिक के लिए एक समान कानून लाएंगे, समान नागरिक संहिता विधेयक पास कर प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य किया। उत्तराखंड की जनता के सहयोग से ही यह इतिहास बनाने का मौका मिला।

हमने जो कहा वह किया : धामी

धामी ने कहा कि उत्तराखंड शांतिप्रिय प्रदेश है। यहां की भूमि देवभूमि है। यहां बिलकुल भी गलत बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज उत्तराखंड को आदर्श बनाने हेतु चंपावत जिले से शुरुआत हुई है। इस जिले को आदर्श जिला बनाया जा रहा है। जो आदर्श उत्तराखंड की ओर बढेगा। 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का है, ये प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है, इस दिशा में अनेक कार्य किए जा रहे हैं।

सांसद अजय टम्टा ने समान नागरिक संहिता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस विधेयक को पास कराकर इतिहास रचने के साथ ही देश दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है।

पल्लवी के दादा जी को किया सम्मानित

सीमांत क्षेत्र के ठाटा गांव की पल्लवी पंत जो आरबीआई में अधिकारी पद पर निकली है, उनके दादा आनंद देव जी को शाल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। धामी, मां भगवती मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों के साथ खड़ी होली गायन व देव स्तुति में शामिल हुए। ग्राम प्रधान ग्राम ठाटा मोहित पाठक ने कहा कि आज क्षेत्र में पेयजल व सड़क जैसी महत्त्वपूर्ण समस्या दूर हुई है। इसके अलावा महिलाओं के कल्याणार्थ अनेक योजनाएं संचालित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *