उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री का अश्लील ऑडियो, भाजपा नेताओं के ऑडियो-वीडियो से गरमाया माहौल
-शुक्रवार दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस वार्ता में कहा कि दोनों आडियो/वीडियो ने महिलाओं के प्रति भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर कर दिया है। काबीना मंत्री स्तर का व्यक्ति एक महिला से उसका काम कराने के नाम पर शारीरिक शोषण करने का प्रयास कर रहा है।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। कांग्रेस ने दो ऑडियो और वीडियो जारी कर उत्तराखंड की राजनीति गरमा दी है। इसमें उत्तराखंड सरकार में काबीना मंत्री बताए गए एक वरिष्ठ नेता का महिला के साथ बातचीत का ऑडियो बहुत अश्लील है। दूसरा वीडियो महिला एवं बाल विकास विभाग का बताया गया है, जिसमें वर्ष 2015 में एक्सपायर हो चुके खजूर को महिलाओं को बांटा जा रहा है। कांग्रेस ने इन आडियो वीडियो को महिला अस्मिता से जोड़ते हुए भाजपा को कठघरे में किया है।
शुक्रवार दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि इन आडियो/वीडियो ने महिलाओं के प्रति भाजपा के चाल, चरित्र व चेहरे को बेनकाब कर दिया है। काबीना मंत्री स्तर का व्यक्ति महिला से उसका काम कराने के नाम पर शारीरिक शोषण करने का प्रयास कर रहा है। आडियो में महिला के साथ ऐसी अभद्रता से बातचीत की जा रही है कि उसे सुना भी नहीं जा सकता। सत्ता में आने पर कांग्रेस इस ऑडियो की जांच कराएगी। महिलाओं का अपमान करने वाले ऐसे व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा।
गौरव ने कहा कि दूसरा वायरल वीडियो महिला एवं बाल विकास विभाग की काबीना मंत्री पर सवाल उठाता है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि विभागीय लोग छह साल पहले एक्सपायरी डेट के खजूर बंटवा रहे हैं। शिशु को जन्म देना महिला के लिए, एक मां के लिए सबसे अहम क्षण होता है। लेकिन, एक्सपायर खजूर गर्भ को विषाक्त कर सकता है। यह बहुत बड़ा अपराध है।
आल्टो कार में बैठने लायक ही बचेंगे भाजपा के विधायक
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा कि मैंने कहा था कि भाजपा के विधायक एक इनोवा गाड़ी भर तक ही सिमट कर रह जाएंगे। लेकिन, अब मुझे विश्वास है कि वो केवल एक आल्टो कार में बैठने लायक ही बचेंगे। खुद एमपी के सीएम शिवराज सिंह इसको स्वीकार कर चुके हैं। आगामी 10 मार्च को प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
भाजपा के दो विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी महिलाओं के शोषण के आरोपी
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद शमा ने राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेस में कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान नहीं, अपमान करती है। भाजपा के दो विधायक, एक संगठन का वरिष्ठ पदाधिकारी महिलाओं के शोषण के आरोपी है। एक विधायक तो सच सामने आने के डर अपना डीएनए टेस्ट कराने तक को राजी नहीं हैं। एनआरसीबी की वर्ष 2020 की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड दुष्कर्म के मामले में हिमालयी राज्यों में नंबर एक पर था। दूसरे और तीसरे नंबर पर हिमाचल और त्रिपुरा थे। इन तीनों की जगह भाजपा की सरकारें हैं। बच्चों के साथ अपराध में पाक्सों में भी उत्तराखंड पहले पायदान पर था। मेघालय-त्रिपुरा दूसरे व तीसरे नंबर पर है। जहां-जहां भाजपा की सरकारे हैं। वहीं, महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। शमा ने कहा कि कांग्रेस महिला सशक्तिकरण की पक्ष रही है। हर गरीब-वंचित के साथ है। उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण, गैस सिलेंडर की कीमतों को 500 रुपये तक रखने और पांच लाख परिवारों को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का निर्णय किया है। सत्ता में आने पर कांग्रेस इन वादों को लागू करेगी।
