Fri. May 17th, 2024

इमरान खान की गिरफ्तारी को इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने सही बताया

-पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें पाक रेंजर्स ने गिरफ्तार किया है। इमरान जब अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पेशी के लिए हाईकोर्ट पहुंचे, तभी उन्हें पाक रेंजर्स ने उन्हें गिरफ्त में ले लिया।

इमरान खान की गिरफ्तारी को इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने सही बताया है। कोर्ट ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी ठहराने से जुड़ी याचिका खारिज कर दी। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आमिर फारूक ने फवाद चौधरी, सैफुल्ला नियाजी, फैसल चौधरी, नईम हैदर, अली बुखारी की गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। गृह सचिव और आईजी इस्लामाबाद को अवमानना नोटिस जारी किया।

पाकिस्तानी के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो के ऑफिस में इमरान खान का मेडिकल परीक्षण (4:46 AM) किया गया। इसके लिए सात वरिष्ठ डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री को बुधवार को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।

रावलपिंडी में सैन्य मुख्यालय पर हमले के बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। इस बैठक में कोर कमांडरों के अलावा कई बड़े सैन्य अधिकारी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि सेना कानून-व्यवस्था को संभाल सकती है। साथ ही, सैन्य परिसरों पर हमला करने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश भी जारी किए जा सकते हैं।

इमरान खान के समर्थकों के हंगामे के कारण पूरे देश में धारा 144 लागू कर दी गई है। सिंध को छोड़कर पाकिस्तान के तीन प्रांतों पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान में इंटरनेट बंद कर दिया गया। सोशल मीडिया को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस बीच, पाक मीडिया ने खबर दी है कि सरकार ने सेना को उपद्रवियों पर गोली चलाने का आदेश दिया है। लेकिन, सेना धैर्य बनाए हुए है।

देशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी रखने पर जोर

पीटीआई ने इमरान खान की रिहाई तक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी रखने पर जोर दिया है। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुधवार सुबह आठ बजे इस्लामाबाद न्यायिक परिसर में इकट्ठा होने का निर्देश दिया है। पीटीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘पार्टी नेतृत्व के अहम निर्देश: पीटीआई के वरिष्ठ नेता और इस्लामाबाद के कार्यकर्ता और समर्थक सुबह आठ बजे न्यायिक परिसर पहुंचेंगे। इमरान खान की रिहाई तक देशभर में चल रहे धरने और विरोध प्रदर्शन अपने-अपने स्थानों पर जारी रहेंगे।
बलूचिस्तान में एक बच्ची की मौत, 10 घायल

बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पुलिस गोलीबारी में एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें छह पुलिसकर्मी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थकों ने उनकी गिरफ्तारी के विरोध में मुख्य क्वेटा एयरपोर्ट रोड को जाम कर दिया। इस दौरान फायरिंग की घटना हुई। पीटीआई नेता मुनीर बलूच ने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है और घटना की जांच की मांग की है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने दो पुलिस वाहनों को जला दिया और पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने इमरान खान के समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कराची के नर्सरी इलाके में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।

गिरफ्तारी पर अमेरिका की प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी पर अमेरिका ने प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस ने बयान में कहा कि अमेरिका किसी एक नेता या पार्टी बनाम अन्य के विवाद पर रुख नहीं रखता है। हम दुनिया भर में लोकतांत्रिक सिद्धांतों और कानून के शासन का सम्मान करने का आह्वान करते हैं।

देशभर में निजी स्कूलों को बंद

इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद भारी विरोध को देखते हुए पाकिस्तान की सरकार ने बुधवार को देशभर में सभी निजी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है। पीटीआई के कार्यकर्ता पार्टी प्रमुख की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। देशभर में जगह-जगह प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए हैं।

इमरान को कई मामलों में जमानत

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अर्द्धसैनिक बलों द्वारा इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में गिरफ्तार किये जाने से कुछ घंटे पहले मंगलवार को आतंकवाद रोधी अदालत ने कई मामलों में अंतरिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली थी। इमरान देश भर में 121 मामलों का सामना कर रहे हैं, जिनमें राजद्रोह, आतंकवाद, ईशनिंदा और हिंसा भड़काने के आरोप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *