मित्रता दिवस पर पौधरोपण, मित्र की तरह पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
देहरादून। इको अवेयरनेस एंड डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से रविवार को मित्रता दिवस पर पौधरोपण किया गया। सोसाइटी की अध्यक्ष अनुराधा माथुर, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पौधों का मित्र की तरह देखभाल करने का संकल्प लिया।
अनुराधा माथुर ने कहा कि हमें जीवन पर्यंत पर्यावरण हित के लिए काम करना चाहिए। वृक्ष हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं, जितना ज्यादा हो सके हमें पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव को स्वार्थी होकर जानवरों पर अत्याचार नहीं करना चाहिए। बल्कि, उनके संरक्षण में योगदान देना चाहिए। सिंगल यूज़ प्लास्टिक को उन्होंने धरती के लिए खतरा बताया और इसका प्रयोग न करने की सलाह दी। इस अवसर पर सोसाइटी की उपाध्यक्ष इंदु नेगी, अंजू पंवार, माया पंवार, श्रुति गुप्ता, मालविका माथुर, श्रेय गुप्ता, डॉ विमलेश डिमरी आदि मौजूद थे।
