Sat. Sep 5th, 2026

अमेरिकी दौरे से स्वदेश लौटे प्रधानमंत्री मोदी

-प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी तीन दिवसीय अमेरिकी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस समेत कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। दौरे की समाप्ति के एक दिन पहले उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी दौरे की समाप्ति के बाद  भारत लौट गए हैं। 

दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन के अमेरिकी दौरे की समाप्ति के बाद भारत लौट गए हैं। दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मोदी ने भी वहां मौजूद लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी यात्रा यह साबित करती है कि मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत को अलग तरह से देखती है। करोड़ों भारतीयों की ओर से हम उनका वापस स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ प्रधानमंत्री की दोस्ती नई नहीं है, उनका पुराना रिश्ता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी यही दोहराया।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से 100 वर्षों के इतिहास में दुनिया सबसे खतरनाक महामारी कोरोना वायरस का सामना कर रही है। जिन लोगों ने इस महामारी में अपनी जान गंवाई है मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मैं ऐसे देश से हूं जो लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र की ताकत है कि चायवाला यहां पीएम के तौर पर आया है। ऐसा पीएम आज चौथी बार यूएनजीए को संबोधित कर रहा है। भारत विकास करता है तो दुनिया आगे बढ़ती है। आज भारत में रोजाना 300 करोड़ से अधिक लेनदेन हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो आतंकवाद का इस्तेमाल कर रहे हैं, ये उनके लिए भी खतरा है। अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद फैलाने के लिए न हो। अफगानिस्तान में हिंदुओं, सिखों की सुरक्षा जरूरी है। हमें सतर्क रहना होगा कि वहां के हालातों का कोई देश अपने हितों के लिए इस्तेमाल न करे। वहां की महिलाओं, बच्चों को हमारी मदद की जरूरत है। हमें अपना दायित्व निभाना ही होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत लौटने से पहले किया था ट्वीट

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत लौटने से पहले ट्वीट कर अपनी अमेरिकी यात्रा की सफलता का जिक्र किया। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने लिखा कि पिछले कुछ दिनों में प्रोडक्टिव द्विपक्षीय और बहुपक्षीय जुड़ाव, सीईओ के साथ बातचीत और संयुक्त राष्ट्र में भाषण बेहद महत्वपूर्ण रहे। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भारत-अमेरिका संबंध और मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *