Sat. Apr 18th, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: चुनावी रैली के लिए राहुल 10 और प्रियंका 12 फरवरी को आएंगे उत्तराखंड

-कांग्रेस पार्टी के दोनों नेताओं को कार्यक्रम लगभग तय है। हालांकि, अभी कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। राहुल-प्रियंका गांधी के अलावा भी दूसरे नेता उत्तराखंड में प्रचार के लिए आ रहे हैं।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 10 फरवरी को तीसरी बार उत्तराखंड आ रहे हैं। वहीं, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी 12 फरवरी को उत्तराखंड पहुंचेंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 10 फरवरी को श्रीनगरअल्मोड़ा में रैली करेंगे। प्रियंका गांधी 12 फरवरी को ऊधमसिंहनगर/हरिद्वार में रैली को संबोधित करेंगी। महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि दोनों नेताओं को कार्यक्रम लगभग तय है। अभी एआईसीसी से कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा भी दूसरे नेता उत्तराखंड में प्रचार के लिए आ रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला 8 फरवरी को अल्मोड़ा में पत्रकार वार्ता करने के बाद जूड में पार्टी प्रत्याशी मनोज तिवारी के पक्ष में पदयात्रा व डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। नौ फरवरी को सुरजेवाला हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के बाद पार्टी प्रत्याशी सुमित हृदयेश के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। जबकि, 10 फरवरी को कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी महेश शर्मा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आठ फरवरी को मंगलौर विधानसभा के टिकोला कलां/झबरेड़ा विधानसभा के शेरपुर खेलमऊ में पार्टी प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। शाम को वह झबरेडा विधानसभा के ढेलना में चुनावी जनसभा भी संबोधित करेंगे। इसके बाद पायलट रुड़की विधानसभा प्रत्याशी यशपाल राणा के समर्थन में गणेशपुर चौक रुड़की में जनसभा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *