उत्तराखंड में मौसम: चारधाम सहित मसूरी-नैनीताल में बर्फबारी
-बर्फबारी के बाद पारा गिरने से प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड में मौसम की करवट के साथ ही ठंड बढ गई है। शनिवार को केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, धनोल्टी, नैनीताल के साथ ही अन्य जनपदों की ऊंची पहाड़ियों में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद पारा गिरने से ठंड बढ़ गई है।
केदारनाथ सहित कई जगह बर्फबारी
शनिवार को मौसम का मिजाज बदला तो केदारनाथ सहित ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हुई। इससे ऊंचे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो हुई। जनपद मुख्यालय सहित शहरी कस्बों में भी ठंड बढ़ गई है। आसमान में बादल छाये रहने से शनिवार को लोगों को धूप के दर्शन नहीं हो पाए। केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला, चोपता, दुगलविट्टा, सारी, देवरियाताल आदि स्थानों पर बर्फबारी हुई।
वाहनों की आवाजाही ठप
बर्फबारी के चलते चोपता-गोपेश्वर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। बर्फ के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। वहीं, केदारनाथ में बर्फबारी के चलते सन्नाटा पसर गया है। चारों ओर बर्फ ही बर्फ है। बर्फबारी और बिगड़े मौसम का असर निचले इलाकों में भी है। मुख्यालय में ठंड से बचने के लिए लोग कमरों में ही कैद रहे। जबकि, कई जगहों पर व्यापारी अलाव के सहारे रहे। वहीं, ठंड के चलते चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी भ्रमण को लेकर मुश्किलों में रहे।
उत्तरकाशी में बारिश और बर्फबारी
उत्तरकाशी के गंगा घाटी के गोमुख, गंगोत्री व हर्षिल सहित यमुनोत्री धाम में शनिवार दोपहर बाद रुक रुक कर बर्फबारी जारी रही। वहीं, कम ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर से ही बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है। जिले में शुक्रवार सुबह से ही बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह से गोमुख, गंगोत्री ,यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल, मुख्बा,धराली,बार्सू, रैथल, अगोड़ा, नचिकेता ताल, जानकी चट्टी, खरसाली सहित मोरी के सांकरी, जखोल, ओसला गंगाड आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। जबकि, जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बारिश जारी है।
धनोल्टी और मसूरी में बर्फबारी
धनोल्टी में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है। धनोल्टी बाजार और आलू फार्म व्यू प्वाइंट, एप्पल गार्डन, इको पार्क, सुरकंडा देवी, कद्दूखाल, बुरांसखंडा, तपोवन में बर्फबारी हो रही है। वीकेंड पर पहुंचे पर्यटक बर्फ को लेकर उत्साहित हैं। वहीं, मसूरी के निकट लालटिब्बा में भी बर्फबारी हुई है। हालांकि, मसूरी मुख्य बाजार में अभी बारिश हो रही है। मौसम का यही रुख रहा तो मसूरी मुख्य बाजार में भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले तीन दिन बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें 2000 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।
नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी
नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए हैं। हालांकि, शहर में हल्की बारिश हो रही है। गौरतलब है कि बीते तीन दिनों से नैनीताल में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। बीती रात्रि आसमान खुलने के बाद आज सुबह से फिर आसमान बादलों से घिर हुआ था। शहर में हल्का कोहरा छाया हुआ है। मौसम के मिजाज को देखकर अच्छी बर्फबारी की संभावना हैं। बारापत्थर हिमालय दर्शन, स्नोव्यू तथा इससे लगे क्षेत्र में बर्फ बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए हैं। मुक्तेश्वर में भी कडा़के ठण्ड है। न्यूनतम तापमान आज शून्य से नीचे पहुंच गया। न्यूनतम तापमान. -0.4 है।
खराब मौसम के चलते बाजारों और अस्पतालों में सन्नाटा
अल्मोड़ा में भी शनिवार को सुबह से मौसम तल्ख तेवर में नजर आया। जिसका असर बाजार और अस्पतालों में भी दिखा। सुबह से ही मौसम खराब होने से लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले। जिससे बाजार व अस्पतालों में सन्नाटा रहा। जिला अस्पताल में भी शनिवार को बेहद कम संख्या में मरीज ओपीडी में उपचार को पहुंचे। दोपहर तक यहां 100 से भी कम मरीज पहुंचे।
बागेश्वर में बारिश व बर्फबारी
जिले में लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। पिछले चार दिन से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार सुबह से जिले में बादल छाए हैं। कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी जबकि घाटी में बूंदाबांदी हो रही है। चार दिन से सूर्यदेव के दर्शन न होने से कड़ाके की ठंड है। किसानों में बारिश की उम्मीद बनी हुई है। उन्होंने कहा यदि इस मौसम में अच्छी बारिश होगी तो इसका लाभ रबी की फसल को होगा। जिले का अधिकतम तापमान 14 तथा न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस रहा।
मुनस्यारी में माइनस 3 डिग्री पहुंचा तापमान, 6 फीट बर्फ गिरी
पिथौरागढ़ जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। जबकि, निचले इलाकों में पूरे दिन बादल व कोहरा छाया रहा। मुनस्यारी के मिलम व लास्पा में 6 फीट, जबकि खलिया व कालामुनी में 3 इंच बर्फ गिरी। बर्फबारी व बादल छाए रहने से समूचे जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान 1 तो मुनस्यारी का माइनस 3 डिग्री पहुंच गया है। वहीं, जिला मुख्यालय सहित बीसाबजेड़, कनालीछीना, मुवानी, थल, जौलजीबी, झूलाघाट सहित विभिन्न हिस्से में घना कोहरा है।
