Thu. Sep 3rd, 2026

बर्फबारी के कारण गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद, फंसे पर्यटक

-उत्तरकाशी जनपद में शनिवार सुबह से ही बारिश/बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड में बारिश/बर्फबारी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गए हैं। बर्फबारीसे गंगनानी, सुक्की टॉप से गंगोत्री तक बंद है। इसी तरह यमुनोत्री हाईवे हनुमान चट्टी व राड़ी टॉप में बर्फबारी के कारण बाधित है।

उत्तरकाशी जनपद में शनिवार सुबह से ही बारिश/बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर बारिश/बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे गंगनानी सुक्की टॉप, हर्षिल, धराली व भैरव घाटी से गंगोत्री तक पूरी तरह बंद हो गया। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। बीआरओ जेसीबी लगाकर हाईवे पर गिरी पांच से छह फीट बर्फ को साफ करने में जुटा हुआ है।

रविवार (आज) को बर्फ हटाने का काम चलता रहा। लेकिन, देर शाम तक हाईवे यातायात के लिए नहीं खुल सका। यमुनोत्री हाईवे हनुमान चट्टी, राड़ी टॉप में कई घंटों से बंद है। दूसरी तरफ, उत्तरकाशी-लम्बगांव मोटरमार्ग चौरंगी खाल, संकूर्णाधार सहित जिले के आठ लिंक मार्ग बंद हैं। देहरादून-सुवाखोली मार्ग यातायात के लिए खुला है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल ने बताया कि गंगोत्री, यमुनोत्री हाईवे को सुचारु करने के लिए बीआरओ व एनएच के मजदूर मार्ग को सुचारु करने में जुटे हैं। उत्तरकाशी जिले में बारिश/बर्फबारी के कारण संगमचट्टी क्षेत्र व मोरी के नैटवाड़ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति 24 घंटों से ठप है।

कुमाऊं में आज भी बर्फबारी

कुमाऊं में रविवार को बारिश और ऊंचाई वाले कई स्थलों पर जमकर बर्फबारी हुई। पिथौरागढ में बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मुनस्यारी के खलिया में एक फिट तो मिलम में 4 फिट बर्फ गिरी। बागेश्वर में कपकोट और नैनीताल में चाइना पीक व मुक्तेश्वर समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय सहित डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेरीनाग, धारचूला, मुनस्यारी में रविवार को भी बारिश जारी रही। मुनस्यारी के खलिया, बलाती, पातलथौड़, मिलम, लास्पा के साथ ही दारमा व व्यास घाटी में ताजा बर्फबारी हुई। खलिया में एक फिट, मिलम में 4 फिट, लास्पा में 3 फिट तक बर्फबारी हुई। जबकि, पातलथौड़, रातापानी, बलाती में 2 से 3 इंच बर्फ गिरी। जिला मुख्यालय में 9 तो डीडीहाट में सबसे अधिक 17 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *