उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस की जीत को प्रियंका गांधी की हुंकार
–कांग्रेस पार्टी ने भी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगी। जबकि, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट कोटद्वार, यमकेश्वर और नरेंद्रनगर में सभाएं कर रहे हैं।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी उत्तराखंड में कई जनसभाएं कर कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं। आज खटीमा में प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरे देश की नीतियां सिर्फ दो उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं जो प्रधानमंत्री के दोस्त हैं। जब बजट आता है, तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे व मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ नहीं दिया जाता है।
उन्होंने कि राजनेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है? जनता की सेवा, उनका विकास। आज सभी भाजपा नेता आपके मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक केवल अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आपके बारे में नहीं सोच रहा है। यहां पलायन ज्यादा है। यह तब होता है जब राज्य में नौकरियां नहीं हैं। आपके राज्य में सब कुछ है, हिमालय है, प्रकृति है, पर्यटन के अवसर हैं। लेकिन, रोजगार नहीं है। लोग नौकरी के लिए युवा यहां से पलायन कर रहे हैं।
हम राजनीति नहीं कर रहे थे, अपना फर्ज निभा रहे थे
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस ने प्रवासी श्रमिकों की मदद की और इस पर राजनीति कर देशभर में कोरोना फैलाया। वे सड़कों पर चल रहे थे, उनके लिए कोई सुविधा नहीं थी। क्या हम उन्हें ऐसे ही छोड़ देते? तब हम राजनीति नहीं कर रहे थे, अपना फर्ज निभा रहे थे।
