Tue. Jun 2nd, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: 70 विधानसभा सीटों के लिए 632 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

-सोमवार को नाम वापसी के दिन राज्य की सभी सीटों पर कुल 95 दावेदारों ने अपने अपने नामांकन वापस ले लिए। नाम वापस लिए जाने के बाद अब चुनाव मैदान में कुल 632 प्रत्याशी हैं। विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में कुल 82 लाख 37 हजार 913 मतदाता है। जिसमें से 42 लाख 24 हजार 288 पुरुष जबकि, 39 लाख 19 हजार 334 महिला मतदाता हैं।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों के लिए 632 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। नामांकन वापसी के दिन सोमवार को राज्यभर में कुल 95 दावेदारों ने अपने नामांकन वापस लिए, जिसके बाद अब 70 सीटों के लिए कुल 632 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में 21 जनवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू की थी। 28 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख। जबकि, सोमवार 31 जनवरी का दिन नाम वापसी के लिए तय था।

देहरादून में सर्वाधिक 24 ने लिया नाम वापस

सोमवार को नाम वापसी के दिन देहरादून जिले में सर्वाधिक 24 दावेदारों ने नाम वापस लिए। इसके अलावा टिहरी जिले में पांच, नैनीताल में नौ , यूएस नगर में 13, अल्मोड़ा में छह, पिथौरागढ़ में तीन, बागेश्वर में तीन, चम्पावत में एक, हरिद्वार में 17, उत्तरकाशी में चार, पौड़ी में पांच, चमोली में तीन और रुद्रप्रयाग जिले में भी दो दावेदारों ने नाम वापस लिए हैं।

सबसे अधिक दावेदार धर्मपुर सीट पर

राज्य में नैनीताल जिले की नैनीताल सीट, पौडी की यमकेश्वर और टिहरी के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से सबसे कम 5-5प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जबकि, देहरादून जिले की धर्मपुर विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

राज्य में कुल मतदाता 

विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में कुल 82 लाख 37 हजार 913 मतदाता है। जिसमें से 42 लाख 24 हजार 288 पुरुष जबकि, 39 लाख 19 हजार 334 महिला मतदाता हैं। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में कुल 93 हजार 964 सर्विस वोटर हैं। विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में कुल 11 हजार 647 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार राज्य में पोलिंग बूथ की संख्या पिछली बार के मुकााबले बढ़ाई गई है।

देहरादून- 117, हरिद्वार- 110, यूएसनगर- 72, नैनीताल- 63, अल्मोडा- 50, पौड़ी- 47, टिहरी- 38, चमोली- 31, पिथौरागढ़- 28, रुद्रप्रयाग- 25 उत्तरकाशी- 23, बागेश्वर- 14, चम्पावत- 14

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *