Fri. Jul 17th, 2026

गढ़वाल विवि के कोर्स पर विदेशी भी फ़िदा

देहरादून : गढ़वाल विश्वविद्यालय को एक नई उपलब्धि हासिल हुई है और वह है विवि के ऑनलाइन कोर्स को विदेशियों द्वारा सराहा जाना। विवि के असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ अजय सेमल्टी ने यह ऑनलाइन कोर्स तैयार किया है। कोर्स अकादमिक लेखन पर आधारित है। विवि के इस कोर्स पर विदेशी भी फ़िदा हो गए हैं।

ऑनलाइन चलने वाला यह कोर्स एक जुलाई से विधिवत शुरू हो गया है। विशेष बात यह है कि मात्र 15 दिन में ही कोर्स के लिए 6000 छात्र-छात्राएं पंजीकरण करवा चुके है।

विदेशियों ने ली रूचि

कोर्स में विदेशी छात्र-छात्राओं ने रूचि ली है। उन्होंने अच्छी-खासी संख्या में कोर्स के लिए पंजीकरण करवाया है।

स्वयं पोर्टल पर है कोर्स

मानव संसाधन विकास मंत्रलाय के स्वयं पोर्टल के लिए यह कोर्स तैयार किया गया है। स्वयं पोर्टल का यह पहला ऑनलाइन कोर्स है, अध्ययन के लिए इस कोर्स को कोई भी कर सकता है। लेकिन, प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए परीक्षा का प्रावधान है। परीक्षा केंद्र भारत के साथ ही विदेश में भी होंगे।

चौरास परिसर में किया गया सेमीनार

अकादमिक लेखन के इस कोर्स को डिजायन करने वाले डॉ अजय सेमल्टी ने बताते हैं कि कोर्स के लिए विश्वविद्यालय का पहला वेब सेमिनार चौरास परिसर में प्रवक्ता डॉ श्रीवात्सव और डॉ टम्टा के सहयोग से किया गया। ऑनलाइन सेमिनार में एक हजार से अधिक लोगों ने देश-विदेश से लाइव प्रतिभाग किया। सेमीनार में एकेडमिक राइटिंग के परिपेक्ष्य में सभी आवश्यक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों से उनकी लाइव बात की गई और उनकी समस्या का समाधान किया गया।

डॉ सेमल्टीके दो कोर्स ऑनलाइन

डा. सेमल्टी के प्रस्ताव पर उन्हें दो ऑनलाइन कोर्स स्वयं पोर्टल के लिए स्वीकृत हुए थे। दोनों कोर्स स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। पहला कोर्स अकड़ेमिक राइटिंग एवं दूसरा इंडस्ट्रियल फार्मसी है। अकेडमिक राइटिंग कोर्स में अकेडमिक लेखन (शोध पत्र, थीसिस, शोध प्रस्ताव व लेखन) की बारीकियों से अवगत कराया जायेगा। इसमें कोई भी व्यक्ति, छात्र, स्नातकोत्तर छात्र, शोधार्थी व शिक्षक पंजीकरण करा सकता है। इंडस्ट्रियल फार्मसी कोर्स फार्मसी शिक्षकों, बीफार्मा के छात्रों के साथ ही उन सभी छात्रों के लिये उपयुक्त है जो फार्म इंडस्ट्री में कार्य करने के इच्छुक हों या कार्य कर रहे हों।

स्वयं पोर्टल से जुड़े कई विभाग

विश्वविद्यालय की अकादमिक कौंसिल की ओर से डा. सेमल्टी को विवि का स्वयं पोर्टल कॉर्डिनेटर बनाया गया है। विवि के बिरला, चौरास व पौड़ी कैंपस में जागरुकता कार्यशाला छात्र व शिक्षकों के लिए की गई हैं। हिंदी, गणित, मासकॉम व कॉमर्स विभाग ने स्वयं कोर्सेज से जुड़ गये हैं।

अफ्रीकन देशों ने चुना

डॉ सेमल्टी ने बताया कि
मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से उन्हें अवगत कराया गया कि अकादमिक लेखन के ऑनलाइन कोर्स को अफ्रीकन देशों के प्रतिनिधमंडल ने अपने देशों में अधिकृत रूप से अध्ययन के लिए चुना है। यह स्वयं पोर्टल का पहला ऑनलाइन कोर्स होगा, जिसके विदेशों में परीक्षा केंद्र होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *