Fri. Jun 19th, 2026

दरबार साहिब देहरादून में झंडा जी आरोहण के समय टूटा ध्वज दंड, संगतें घायल

देहरादून: दून के ऐतिहासिक झंडे जी मेले में शुक्रवार को झंडा आरोहण के अंतिम समय में 105 फीट ऊंचा ध्वजदंड टूटकर संगतों  के ऊपर गिर गया। जिसमें कई संगतें घायल हो गई। हालात को संभालते हुए श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के आहवान पर घायलों को मौके पर उपचार के लिए श्रीमहंत इंदिरेश हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना के दो घंटे बाद दोबारा विधिवत पूजा-अर्चना और श्रद्धा के साथ शाम करीब पौने सात बजे झंडा आरोहण किया गया।
दरबार साहिब परिसर में श्री गुरु रामराय के जन्मोत्सव के मौके पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई और हजारों भक्तों की मौजूदगी में झंडा साहिब से पुराने गिलाफ को उतारकर नया गिलाफ चढ़ाया गया। इसके बाद नये झंडे जी को दूध, दही, मक्खन, शक्कर और पंचामृत से स्नान करवाया गया। झंडा साहिब को स्नान करवाने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। हर कोई भक्त झंडा जी को छूने को बेताब था। इससे पहले दोपहर साढ़े 12 बजे से भक्तों ने झंडा साहिब का पूजन किया। इसके बाद झंडे जी को गिलाफ पहनाने की प्रक्रिया आरंभ हुई। सबसे पहले मारकीन के बने 40 सादे गिलाफ चढ़ाए गए। इसके बाद मखमली कपड़े से तैयार किए गए सनील के 20 सादे गिलाफ झंडा साहिब को अर्पण किए गए। झंडे जी के सबसे बाहरी आवरण पर सबसे अंत में मखमली दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया। इसके बाद शिखर पर चंवर लगाया गया। श्रीमहंत देवेन्द्र दास ने रीति रिवाज पूर्वक पूजन के बाद संगतों को झंडा आरोहण शुरू करने का निर्देश दिया। दोपहर दो बजकर चालीस मिनट पर झंडा आरोहण का सिलसिला शुरू हुआ। लकड़ी से बनी चार कैंचियों व चार मोटे रस्सों की मदद से जैसे ही 105 फुट ऊंचा झंडा ऊपर उठना शुरू हुआ चारों ओर गुरु राम राय महाराज के जयकारे गूजंने लगे। वहीं, शाम चार बजकर 40 मिनट पर आस्था, विश्वास और उल्लास में डूबी संगते जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल के जयघोष कर रही थी। इसी दौरान अंतिम समय में  ध्वजदंड टूटकर संगत के ऊपर गिर गया। जिसके चलते संगतों में अफरातफरी मच गई।
अब तक का सबसे ऊंचा ध्वजदंड था इस बार
दरबार साहिब प्रबंधन के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि हर साल में झंडे जी के ध्वजदंड को बदला जाता हैं। इस बार अब तक के सबसे ऊंचे 105 फीट के ध्वजदंड पर झंडा जी का आरोहण किया जा रहा है था। लेकिन अंतिम समय में तेज बारिश और लकड़ी की कैंची टूटने के चलते ध्वजदंड टूटकर गिर गया। 
झंडे जी गिरने से घायल हुए लोग
1- सुरजीत सिंह पुत्र लालचंद उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम रतिया थाना दमोह जनपद सोलन हिमाचल प्रदेश
2- अवतार सिंह पुत्र बलदेव सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी बनाड़ मोहाली पंजाब
3- लाडी पुत्र प्रकाश सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी रोपड़ पंजाब
4- गुरचरण सिंह पुत्र जगदीश सिंह उम्र 44 वर्ष निवासी धमाणा जिला रोपड़ पंजाब
5- जसकरण पुत्र पुरुषोत्तम उम्र 24 वर्ष निवासी नवांशहर पंजाब
6- सचिन पुत्र रघुवीर सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी काशीपुर खेड़ागंज उत्तराखंड
7- जगमीत सिंह पुत्र हरप्रीत सिंह उम्र 14 वर्ष निवासी 290 गांधीग्राम देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *