40 बार रक्तदान! नेत्रदान! अब देह दान की तैयारी… जानिए कौन
जगदीश ग्रामीण ‘दर्द-ए-दिल’
——————————————–
40 बार रक्तदान, नेत्र दान और अब समाज के लिए देह दान की तैयारी। आइए आपका परिचय कराते हैं ऐसी शख्सियत से जो सदैव समाज के लिए समर्पित रहते हैं। पिछले लंबे समय से निस्वार्थ भाव से निरंतर लोगों की मदद कर रहे हैं। ऐसी शख्सियत हैं। रानीपोखरी निवासी अरुण शर्मा।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद जहां लोग विदेश भागने की तैयारी में रहते हैं, वहीं आपने सेवा के लिए पहाड़ को चुना। पहाड़ में कार्यरत रहते हुए भी लगातार समाज से जुड़े रहे, जरूरतमंदों की मदद करते रहे। सब स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं।
2009 से लगातार रह रहे रक्तदान
2009 से आप हर तीन महीने में पहले राजकीय चिकित्सालय श्रीनगर में और अब राजकीय दून अस्पताल देहरादून में रक्तदान कर रहे हैं। अब तक 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान के लिए अपने मित्रों को भी प्रेरित कर उनसे भी रक्तदान कराते हैं। पत्नी सुनीता शर्मा के साथ आप हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट देहरादून में नेत्रदान का संकल्प ले चुके हैं और अब आपका देह दान करने का विचार है। सहयोगी स्वभाव के अरुण शर्मा का कहना है कि दूसरों की निःस्वार्थ मदद करने से सुकून मिलता है।
कुष्ठ रोगियों के लिए किया काम
अरुण शर्मा का जन्म 7 जुलाई 1968 को श्यामलाल शर्मा के घर (रानीपोखरी देहरादून) में हुआ। आपने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ ही एमए अर्थशास्त्र से करने किया। 1992 से 2017 तक डेरी विकास के आंचल डेरी में इंजीनियरिंग इंचार्ज के रूप में 25 वर्ष सेवा करने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली। आंचल डेरी श्रीनगर में सेवा के दौरान आपने अपने साथी बसंत कोठियाल के सहयोग से भगतियाणा श्रीनगर के कुष्ठ आश्रम में कुष्ठ रोगियों की पानी की किल्लत को दूर करने के लिए पाइपलाइन बिछवाई। समय-समय पर साथी कर्मचारियों से चंदा इकट्ठा कर उनके लिए राशन आदि की भी व्यवस्था करते रहे।
कोरोनाकाल में सराहनीय काम
कोरोनाकाल में लॉकडाउन के समय साथियों के सहयोग से आपने अपने प्रतिष्ठान शिवालिक कार प्वाइंट में डेढ़ माह तक जरूरतमंद लोगों के लिए प्रतिदिन भोजन शिविर लगाया। सराहनीय कार्य के लिए देहरादून ने तत्कालीन एसएसपी देहरादून अरुण मोहन जोशी ने कोरोना वारियर्स सम्मान से सम्मानित किया।
शुरू किया खुद का व्यवसाय
15 अगस्त 2019 से “शिवालिक कार प्वाइंट एंड ऑटोमोबाइल्स” के नाम से आपने रानीपोखरी में खुद का व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में व्यापार मंडल रानीपोखरी के अध्यक्ष हैं, जिससे कि 400 व्यापारी जुड़े हुए हैं।
25 साल तक निर्विरोध रहे यूनियन के अध्यक्ष
आंचल डेरी में 25 वर्ष के सेवाकाल के दौरान आप 25 वर्ष तक कर्मचारी यूनियन के निर्विरोध अध्यक्ष रहे। 2010 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति तक आप “सहकारी दुग्ध संघ कर्मचारी महासंघ” के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
