श्रीमदभागवत गीता का संदेश शताब्दियों से कर रहा समाज का मार्गदर्शन: राज्यपाल। जन्माष्टमी पर दी शुभकामनाएं
देहरादून। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने प्रदेशवासियों को ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ पर्व की बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि जन्माष्टमी का पर्व, कर्मयोगी प्रभु श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र व श्रीमद्भागवत गीता के माध्यम से दिये गए महान सिद्धान्तों को मानव जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करता है। श्रीमद्भागवत गीता का संदेश शताब्दियों से एक आदर्श समाज के निर्माण के लिए लोगों का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस पावन अवसर पर प्रेम, भाई-चारा तथा सद्भाव बनाकर प्रगतिशील समाज के विकास में योगदान करने का संकल्प लें। राज्यपाल ने प्रदेश वासियों से यह अपील भी की है कि कोविड 19 के संक्रमण से बचाव को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही सभी नियमों का पालन करते हुए जन्माष्टमी का पर्व मनाएँ।
