एक ने स्कूटी चुराई तो दूसरे ने बंद घर में किया हाथ साफ, पुलिस ने दबोचा
देहरादून। आईएसबीटी के पास से चोरी की गई स्कूटी पर मौजमस्ती करते हुए चोर पुलिस की पकड़ में आ गया। पुलिस ने उन्हें वाइल्ड लाइफ रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस गुरुवार को वाइल्ड लाइफ रोड पर नियमित चैकिंग कर रही थी। एक एक्टिवा सवार को चेकिंग के लिए रोका तो वह तेजी से एक्टिवा वापस मोड़कर भागने लगा। लेकिन, पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान शुभम कुमार (25) निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। एक्टिवा संख्या यूके 07 KW 5952 के बारे में पुलिस ने पूछताछ की तो शुभम ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने आईएसबीटी के पास से एक्टिवा चोरी की। थाना पटेलनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कार मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी तरफ, नेहरू कालोनी पुलिस ने बद्रीपुर में बंद घर में हुई चोरी के मामले में चोर को समान सहित गिरफ्तार किया। चकराता रोड निवासी डॉ तरुण चंदना ने 17 अगस्त को तहरीर दी। कहा गया कि उनके बद्रीपुर में बंद पड़े मकान से चोरी की गई है। चोर बंद पड़े मकान से गैस का सिलेंडर, डिजिटल कैमरा, आईपैड, कुछ बर्तन, मोबाइल फोन व प्रेस चोरी कर ले गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोर को चोरी के सामान के सहित मोहकमपुर फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अली मिर्जा (22) निवासी ग्राम व पोस्ट नखलौता थाना गंगोह जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
