गौरीकुंड से केदारनाथ तक चलाया सफाई अभियान, किया जागरूक
देहरादून। रिवाइविंग हिमालयाज़ समूह के सदस्यों ने गौरीकुंड से केदारनाथ तक 20 किलोमीटर पैदल मार्ग पर साफ सफाई की। साथ ही क्षेत्र में जाग रुकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत रास्ते में पड़ने वाली दुकान के मालिकों से सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित व जागरूक किया गया।


समूह के संस्थापक दून विश्वविद्यालय से जर्मन भाषा में स्नातक की पढ़ाई कर रहे अक्षित बड़ोनी ने कहा कि पहाड़ों को स्वच्छ एवंं सुंदर बनाना और बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए लोगों से अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। भविष्य में भी समूह के सदस्य पहाड़ के अन्य पर्यटक स्थलों पर सफाई व जागरूकता अभियान चलाएंगे। रिवाइविंग हिमालयाज़ समूह के सदस्य अब तक शिखर फॉल, लच्छीवाला, गुच्चुपानी, खलंगा युद्ध स्मारक, बिष्ट गांव और जड़ीपानी फॉल सहित अन्य कई स्थानों पर सफाई अभियान चला चुके हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर सफाई व जागरुकता अभियान में अक्षित बड़ोनी, अभिषेक बड़ोनी, अनुभव बड़ोनी, शिवांक थपलियाल व क्षेत्र के कई लोग भी शामिल हुए।
