नशे की लत ने बनाया मोबाइल चोर, 3 गिरफ्तार..मुकदमा
देहरादून। तेजी से बाइक चलाकर मोबाइल छीनने वाले तीन शातिर बदमाशों को ऋषिकेश पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5 मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान हिमांशु (19) निवासी धोबीघाट चंद्रेश्वरनगर ऋषिकेश, अनुराग (18) निवासी धोबीघाट चंद्रेश्वरनगर ऋषिकेश और जितेंद्र (18) निवासी शीशमझाड़ी मुनी की रेती के रूप में हुई। आरोपी हिमांशु पहले भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। विदित है कि चंद्र मोहन सिंह पोखरियाल निवासी मित्र विहार ढालवाला की शिकायत पर मोबाइल चोर पकड़ में आए। पोखरियाल में थाने में तहरीर दी थी कि 26 अगस्त रात लगभग सवा आठ बजे वह फोन पर बात करते हुए घर जा रहे थे। इसी दौरान यात्रा बस अड्डा कंपाउंड में पीछे से आए दो बाइक सवार मोबाइल छीनकर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। गुरुवार रात को रायवाला में मनसा देवी फाटक व खांड गांव के बीच चैकिंग के दौरान बदमाश पकड़ में आए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऋषिकेश, श्यामपुर व भूपतवाला में पैदल चलते लोगों से मोबाइल छीने गए। आरोपियों ने बताया कि वह स्मैक के आदी हैं। इसके लिए रोज पैसे की जरूरत पड़ती है। इसलिए मोबाइल चोरी करते हैं।
