दामाद ने सास, ससुर और दो सालियों को मार डाला, घर के अंदर ही गाड़ दी लाशें
शब्द रथ न्यूज। कलयुगी दामाद ने मकान और जमीन हड़पने लिए सास, ससुर और दो सालियों को मौत के घाट उतार दिया। किरायेदार की मदद से चारों की हत्या करने के बाद उनकी लाश घर के अंदर ही गाड़ दी। मामला उजगार होने के बाद पुलिस ने हत्यारे दामाद नरेंद्र गंगवार, बेटी लीलावती और किरायेदार को गिरफ्तार कर लिया है।
रोंगटे खड़ा कर देने वाला यह मामला उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर में रुद्रपुर ट्रांजिट कैम्प का है। यहां की राजा कॉलोनी में दामाद ने एक वर्ष के अंदर अपने सास, ससुर और दो सालियों को मार डाला। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी दामाद जमीन अपने नाम कराने के लिए मृतक ससुर का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने गया। रिश्तेदार दुर्गा प्रसाद ने शक होने पर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मकान में खुदाई कर हीरा लाल (65), हेमवती (55), बेटी दुर्गा (26), पार्वती (20) के शव बरामद किए। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि दामाद ने संपत्ति हड़पने के लिए सास-ससुर और सालियों को मारा। करीब डेढ़ साल से चारों लापता थे।
उत्तर प्रदेश बरेली निवासी था मृतक परिवार
आईजी अजय रौतेला ने बताया कि हीरा लाल मूलरूप से उत्तर प्रदेश बरेली की मीरगंज तहसील के पैगा नगरी गांव के निवासी थे। वह 2006 में परिवार सहित राजा कालोनी ट्रांजिट कैंप में बस गए थे। उनके पास गांव में 18 बीघा जमीन और मकान था। गांव छोड़ने से पहले उन्होंने 5 बीघा जमीन बेची थी। उस रुपए से उन्होंने राजा कालोनी में मकान बनाया था।
इस तरह हुआ हत्याकांड का खुलासा
हीरा लाल ने गांव की 13 बीघा जमीन कुंवर सेन को बटाई पर दी हुई थी। नरेंद्र 25 अगस्त को पेगा नगरी गांव गया था। उसने बटाईदार कुंवर सेन से बटाई के रुपए देने को कहा। कुंवर सेन ने हीरा लाल के बारे में पूछा तो नरेंद्र ने बताया कि उनकी लॉक डाउन में मौत हो गई है और सास व सालियां कहीं चली गई हैं। इसके बाद नरेंद्र ने मीरगंज तहसील में हीरा लाल का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की कोशिश की। इससे शक होने पर कुंवर सेन ने इसकी जानकारी हीरा लाल के रिश्तेदार दुर्गा प्रसाद को दी। इन लोगों ने राजा कालोनी जाकर पता किया। लेकिन, हीरा लाल व उनके परिवार का कुछ पता नहीं चला। फिर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और हत्याकांड का खुलासा हुआ।
