ऐक्सिडेंट के बाद खाई में फंसे 3 लोगों की पुलिस ने मशक्कत कर बचाई जान
देहरादून। रात के समय दुर्घटना होने पर गहरी खाई में जीवन और मौत के बीच झूल रहे 3 लोगों की जान पुलिस ने बचा ली। रात को 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने विपरीत परस्थिति के बाबजूद सभी को खाई से निकाल लिया।

त्यूणी थाना क्षेत्र की मीनस रोड पर चॉदनी पुल के पास शनिवार की रात 10 बजे एक पिकअप वाहन पलट गया है। सूचना पर त्यूणी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पिकअप वाहन रोड से नीचे पहाड़ी पर लटका हुआ था। वाहन में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने दो लोगों को वाहन से बाहर निकाला। लेकिन, एक व्यक्ति का हाथ वाहन के नीचे फंसा होने के कारण उसे निकलना संभव नहीं हुआ। रात के समय व गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू में जेसीबी, क्रैन व स्थानीय लोगों की मदद ली गई। 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद घायल को सकुशल वाहन से बाहर निकाला गया।
एक त्यूणी व दो मोरी के निवासी
वाहन सवार व घायल की पहचान कमलेश पुत्र भवानीदत्त निवासी ग्राम मैन्द्रथ त्यूणी जनपद देहरादून, अनिल चौहान पुत्र जगदीश चौहान निवासी ग्राम किरोली पोओ भुटाणू , मोरी जनपद उतरकाशी व किशोर चौहान पुत्र दयाल सिह निवासी ग्राम किरोली पोओ भुटाणू मोरी, जनपद उतरकाशी के रूप में हुई।
