Sat. Apr 25th, 2026

पौड़ी जिला अस्पताल को पीपीपी मोड पर चलाएगा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल

देहरादून। राजकीय जिला अस्पताल पौड़ी के साथ ही सीएचसी पाबो और सीएचसी घंडियाल को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून पीपीपी मोड पर चलाएगा। शासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इन्दिरेश अस्पताल की प्रबन्धन व प्रशासनिक टीम पौड़ी अस्पताल का सामान्य दौरा कर चुकी है। जल्द ही अस्पताल की टीम स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ राजकीय जिला अस्पताल पौड़ी का संयुक्त दौरा करेगी। कोविड-19 संक्रमण के चलते जिला अस्पताल को पूरी तरह हस्तांतरित करने में कुछ समय और लग सकता है।
महंत इंद्रेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ विनय राय ने बताया कि अस्पताल के चेयरमैन श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज का संकल्प पहाड़ के सुदूर क्षेत्रों के हर गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का है। इसी संकल्प का अनुसरण करते हुए इन्दिरेश अस्पताल की टीम राजकीय जिला अस्पताल पौड़ी में सेवाएं देने जा रही है। जिला अस्पताल में इन्दिरेश अस्पताल के कुशल डाॅक्टर, नर्सिंग स्टाफ व पैरामैडिकल टीम रहेगी। साथ ही सिटी स्कैन, डिजिटल अलट्रासाउंड, एक्सरे आदि उपकरण भी लगाए जा रहे हैं। जरूरत पर इन्दिरेश अस्पताल के सुपर-स्पेशलिस्ट डाॅक्टरों की टीम भी पौड़ी में भेजी जाएगी।

चार साल का है एग्रीमेंट

राजकीय जिला अस्पताल पौड़ी, सीएचसी पाबो व घंडियाल को चार साल के लिए पीपीडी मोड पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को दिया गया है। 11 जून 2020 को स्वास्थ्य विभाग व श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल प्रबन्धन के बीच एमओयू पर साइन हुआ था।

प्रथम चरण में यह होगा इन्दिरेश अस्पताल का शुरुआती बेड़ा

प्रथम चरण में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल 3 सीएमओ, 4 फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ डाक्टर भेज रहा है। साथ ही 20 नर्सिंग स्टाफ, 25 वार्ड ब्वाय, 15 सुरक्षा गार्ड, 15 सफाई कर्मी, 3 लैब टेक्नीशियन के साथ काम शुरू होगा स्टेंडबाॅय में अस्पताल प्रबन्धन की ओर से एक और टीम भी तैयार रखी गई है।

स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता

इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ विनय राय ने बताया कि जिला अस्पताल पौड़ी के लिए नई भर्ती होगी, इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पौड़ी के स्थानीय निवासियों को रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *