अभिनेत्री व सांसद रूपा गांगुली संसद परिसर में धरने पर बैठी, यौन शोषण के आरोपी अनुराग कश्यप पर कार्रवाई की मांग
शब्द रथ न्यूज। बॉलीवुड का बवाल एक बार फिर संसद भवन की चौखट पर पहुंच गया है। महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री व वर्तमान भाजपा सांसद रुपा गांगुली बॉलीवुड में बेटियों को इंसाफ की मांग को लेकर संसद परिसर में धरने पर बैठ गई हैं। निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ अभिनेत्री पायल घोष ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। रूपा गांगुली अनुराग कश्यप के खिलाफ जांच को लेकर आंदोलित हैं।

रूपा गांगुली ने कहा कि एक फिल्म मेकर जो फिल्मों में महिलाओं के अधिकार की बात करता है। वह बंद कमरे में लड़कियों का यौन शोषण कर रहा है। शान बघार रहा है कि उसने 200 लड़कियों के साथ संबंध बनाए। इस कदर गंदगी भरी पड़ी है, फिल्म इंडस्ट्री में। इन जैसे कुछ लोगों ने ही पूरी इंडस्ट्री गंदा किया है, बदनाम किया है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह बेटियों के अधिकारों के लिए संसद परिसर में धरने पर बैठी हैं।

संसद में भी हुई थी मामले पर बहस
बीती रात लोकसभा की कार्यवाही रात करीब एक बजे तक चली थी। अनुराग कश्यप के यौन शौषण के मुद्दे पर जमकर बहस हुई। अब अभिनेत्री व सांसद रूपा गांगुली अनुराग कश्यप के खिलाफ संसद परिसर में धरना प्रदर्शन कर रही हैं।
