Thu. May 14th, 2026

सीबीएसई 12वीं का परीक्षा परिणाम, बेटों से आगे रहीं बेटियां

देहरादून रीजन का कुल पासिंग प्रतिशत 81.42 फीसदी रहा। इस वर्ष परीक्षा 17 फरवरी से नौ अप्रैल तक आयोजित की गई थी। देहरादून रीजन में कुल 1,285 विद्यालय परीक्षा प्रक्रिया में शामिल रहे। 

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया। 10वीं का परिणाम जारी होने के 28 दिन बाद 12वीं का परिणाम आया तो इसमें भी बेटियों ने कमाल दिखाया। लड़कों की तुलना में लड़कियां आठ फीसदी आगे रहीं।

सीबीएसई देहरादून रीजन में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के आठ जिले भी शामिल हैं। इन जिलों में बदायूं, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और संभल शामिल हैं। देहरादून रीजन में इस वर्ष 12वीं की परीक्षा के लिए 97,623 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण किया। इनमें से 97,012 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इसमें 54,172 छात्र और 42,840 छात्राएं शामिल हैं और 78,984 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की। पास छात्राओं का प्रतिशत 85.84 रहा जबकि छात्रों का पासिंग प्रतिशत 7.92 फीसदी की कमी के साथ 77.92 फीसदी रहा। रीजन का कुल पासिंग प्रतिशत 81.42 फीसदी रहा। इस वर्ष परीक्षा 17 फरवरी से नौ अप्रैल तक आयोजित की गई थी। देहरादून रीजन में 1,285 विद्यालय परीक्षा प्रक्रिया में शामिल रहे। 480 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

मेधावी छात्रों को मिलेगा मेरिट सर्टिफिकेट

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए बीते कुछ वर्षों से कोई मेरिट सूची जारी नहीं की जा रही है। इसके अलावा छात्रों को अब प्रथम, द्वितीय या तृतीय श्रेणी (डिवीजन) में भी विभाजित नहीं किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य केवल मूल्यांकन करना है न कि रैंकिंग आधारित प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना। इसी कारण मेरिट लिस्ट और डिवीजन सिस्टम को समाप्त किया गया है। हालांकि, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए सीबीएसई ने एक विशेष व्यवस्था बनाई है। प्रत्येक विषय में शीर्ष 0.1 प्रतिशत (टाॅप 0.1 फीसदी) छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाणपत्र उनके शैक्षणिक उत्कृष्टता का मान होगा। यह मेरिट सर्टिफिकेट पूरी तरह डिजिटल होगा और छात्रों के डिजी-लाॅकर खाते में उपलब्ध कराया जाएगा। छात्र इसे आवश्यकता अनुसार डाउनलोड और उपयोग कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *