Fri. May 17th, 2024

डीएवी मारपीट प्रकरण: एबीवीपी ने फूंका कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुतला

-डीएवी पीजी कालेज में कल (सोमवार) आशीष रावत की एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट हुई थी। पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें तितर-बितर किया। मारपीट को घटना को लेकर एबीवीपी की ओर से सर्वे चौकी पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है। लेकिन, पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। डीएवी पीजी कॉलेज करनपुर देहरादून सोमवार को हुई मारपीट का गुस्सा एबीवीपी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर निकाला। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार (आज) को गणेश जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने गणेश जोशी के इस्तीफे की मांग की।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि गणेश जोशी के संरक्षण में कल एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। इससे छात्रों के बीच डर का माहौल बना हुआ। शिक्षा के मंदिर में बाहरी तत्व धारदार हथियारों से छात्रों पर आए दिन हमले कर रहे हैं। 4 सितंबर को डीएवी पीजी कॉलेज में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता व महानगर संगठन मंत्री नागेंद्र बिष्ट छात्रों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे थे। कार्यकर्ताओं से एंबुलेंस की पार्किंग को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता आशीष रावत ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट व गाली-गलौज की। नागेंद्र बिष्ट ने आशीष रावत, शुभम कनौजिया, दीपक राणा, ऋषभ मल्होत्रा व साथियों के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी। 6 सितंबर को एबीवीपी कार्यकर्ता डीएवी कॉलेज में सदस्यता अभियान चला रहे थे। वहां पहले से घात लगा कर बैठे अराजक तत्वों ने पुलिस की मौजूदगी में धारदार हथियार व हॉकी, बेसबॉल के डंडे को लहराते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें कुछ कार्यकर्ता जख्मी हुए।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि मारपीट करने वाले बाहरी अराजक तत्वों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का संरक्षण प्राप्त है। यह अराजक तत्व कालेज परिसर में खुलेआम हथियार लहराते हुए छात्रों को निशाना बनाते हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर देहरादून के कार्यकर्ताओं ने कालेज में हुई घटना की निंदा करते गणेश जोशी का पुतला दहन किया। एबीवीपी ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज परिसर व शहर में शांति व्यवस्था बनाने के लिए कालेज में मारपीट करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। यदि जल्द से जल्द अराजक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाती विद्यार्थी परिषद प्रदेशभर में उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी।

गणेश जोशी का पुतला दहन करने वालों में एबीवीपी की प्रदेश मंत्री काजल थापा, कुलदीप पंवार, अर्जुन नेगी, करण घागट, तानिया वालिया, मनोरमा रावत, अनामिका बिष्ट, दयाल बिष्ट, विपिन भट्ट, गौरव तोमर, देवेश उनियाल, भुवन सती, दक्ष शर्मा आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *