Sat. Apr 18th, 2026

हादसा: उत्तरकाशी में खाई में गिरा वाहन, एक की मौत, 3 घायल

-स्थानीय सवारियों को लेकर बड़कोट जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ। वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे।

बड़कोट क्षेत्र में स्यालव-कुर्सील मोटर मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि, 3 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 2 घायलों को हायर सेंटर देहरादून रैफर किया गया है। वाहन चालक फरार बताया जा रहा है।

गुरुवार (आज) सुबह 8 बजे स्यालव-कुर्सील मोटर मार्ग पर नगाण गांव के समीप एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन स्यालव गांव से स्थानीय सवारियों को लेकर बड़कोट जा रहा था। वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में चालक सहित 5 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना पर बड़कोट पुलिस, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दुर्घटना में जयवीर लाल (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रह्लाद सिंह, सुनील व विनोद सिंह घायल हुए। घायलों को 108 की मदद से सीएचसी बड़कोट लाया गया। सीएचसी बड़कोट में प्राथमिक उपचार के बाद घायल विनोद पंवार व सुनील चौहान को हायर सेंटर देहरादून रैफर किया गया। वाहन चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना का कारण ओवर स्पीड मान रही है। सीओ सुरेंद्र भंडारी ने बताया कि वाहन चालक को तलाश किया जा रहा है।

तेज रफ्तार व असावधानी बनी दुर्घटना का कारण

जहां वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां पर तीखा ढलान होने के साथ ही बैंड भी है। प्रशासन का मानना है कि यहां पर तेज रफ्तार व असावधानी दुर्घटना का कारण बनी। उक्त स्थान पर विवाद होने के कारण विभाग डामरीकरण व सड़क का चौड़ीकरण नहीं कर पाया था। एसडीएम शालिनी नेगी ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। परिवहन विभाग को भी जांच के लिए कहा गया है।

मानकों के अनुरूप सड़क न होने का आरोप

स्थानीय निवासियों ने सड़क के मानकों के अनुरूप न होने को दुर्घटना का कारण बताया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां पर अंधा मोड़ व तीखा ढलान है। लेकिन, सड़क किनारे सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे विधायक संजय डोभाल व एसडीएम शालिनी नेगी के सामने नाराजगी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *