Wed. Jun 3rd, 2026

बदरीनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को खुलेंगे, नरेंद्रनगर राजमहल में हुई तिथि की घोषणा

-वसंत पंचमी को निकाली जाती है बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथि। महाराजा और महारानी की मौजूदगी में होती है तिथि की घोषणा

देहरादून। बदरीनाथ धाम के कपाट 18 मई मंगलवार को सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर खुलेंगे। नरेन्द्रनगर राजदरबार में आयोजित समारोह में आज (मंगलवार) श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि तय हुई। तेल कलश (गाडू घड़ा) यात्रा तिथि 29 अप्रैल है।

टिहरी नरेश मनुजेंद्र शाह और महारानी राज्य लक्ष्मी शाह की मौजूदगी में नरेंद्रनगर राजदरबार में कपाट खोलने और महाभिषेक के लिए तिलों का तेल निकालने की तिथि की घोषणा की गई। वसंत पंचमी के अबूझ मुहूर्त को देखते हुए ही प्राचीनकाल से भू-बैकुंठ यानी श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि का निर्धारण की परंपरा है, जिसका आज भी निर्वहन किया जा रहा है। पुरातन काल से इस दिन नए साल के पंचांग का पूजन कर टिहरी महाराजा को भेंट किया जाता है।

धाम के धर्माधिकारी आचार्य भुवनचंद्र उनियाल और टिहरी राजपुरोहित कृष्ण प्रसाद उनियाल का कहना है कि वसंत पंचमी देवी सरस्वती का जन्मदिन भी है। इसे बहुत ही शुभ माना जाता है। इस दिन की शुभता को देखते हुए ही भगवान बदरीनाथ के कपाट खोलने की तिथि तय की जाती है। आज कपाट खोलने की तिथि तय हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *