Fri. Sep 4th, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: नितिन गडकरी ने जारी किया भाजपा का घोषणापत्र

-भाजपा ने घोषणा पत्र खासकर युवाओं, महिलाओं व किसानों पर फोकस किया है। भाजपा के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नहीं पहुंच पाए। खराब मौसम की वजह से वह देहरादून नहीं पहुंच पाए। ऐसे में उनकी गैर-मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया गया। धामी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और सभी को जनता को समर्पित घोषणापत्र बनाने के लिए बधाई दी।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को भाजपा का घोषणा पत्र (दृष्टि पत्र) जारी किया। पत्र में कहा गया है कि गरीब महिलाओं को तीन एलपीजी सिलेंडर फ्री में देंगे। वहीं, उत्तराखंड में किसानों को सम्मान निधि भी दी जाएगी।

भाजपा ने घोषणा पत्र खासकर युवाओं, महिलाओं व किसानों पर फोकस किया है। गडकरी ने कहा कि काम किया है और करके दिखाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले सालों में उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का वादा किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए दृष्टि पत्र में विभिन्न विकास योजनाओं को भी शामिल किया गया है।

उत्तराखंड में पर्यटन/तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं जुटाने के साथ ही ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं देने पर खास फोकस किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्व रोजगार व कर्मचारी वर्ग को रिझाने के लिए भी वादे किए गए हैं। घोषणा पत्र जारी करने के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री व पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री व हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पर्वतीय विकास
कृषि भूमि सर्वेक्षण और बीमा में नई ड्रोन नीति लागू।

स्वास्थ्य
पर्वतीय जिलों में तैनाती पर डॉक्टरों को विशेष प्रोत्साहन राशि। अस्पतालों व स्वास्थ्य सेंटरों में डॉक्टर्स के रिक्त पदों को भरने का भरोसा। हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना। प्रत्येक जिले में एक सचल चिकित्सालय।

चारधाम सर्किट
चारधाम सर्किट से जुड़े सभी तीर्थ केंद्रों का विस्तार। भौतिक बुनियादी ढांचे और परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

कृषि
किसानों के लिए कुल आठ हजार रुपये की सहायता। हर ब्लॉक में किसान मंडी खोली जाएगी।
कानून व्यवस्था:लव जिहाद कानून को पहले से ज्यादा सख्त बनाया जाएगा। महिला थानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उधमसिंहनगर और हरिद्वार में तीन नई सशस्त्र पुलिस बटालियन।
महिला:निर्धन परिवारों की महिला मुखियाओं को 500 रुपये की सहायता राशि। प्रमुख औद्योगिक शहरों में कार्यरत महिलाओं के लिए 10 नए महिला आवास।

मिशन मायापुरी
हरिद्वार को योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी बनाने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा। वेद पाठशालाओं के लिए एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में वेद विभाग का विस्तार।

पुलिस बल का उन्नतीकरण
पुलिस कर्मी के ग्रेड-पे मामले का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा। दंगों पर लगाम लगाने के लिए मजबूत पुलिस बल।

कुमाऊं का विकास
कुमाऊं मंडल में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण। पंतनगर में मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल।

मानसखंड मंदिर माला मिशन
कुमाऊं के प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार।

भूतपर्व सैनिक
सैनिकों के सम्मान में भव्य सैन्य धाम और संग्राहलय का निर्माण कार्य। सरकारी नौकरी में सैनिकों के लिए आरक्षित सीटों में 70 फीसदी सीट नॉन-लैप्सेबल सीट

भाजपा के लिए 78 हजार सुझाव

भाजपा ने दृष्टि पत्र बनाने के लिए डा. रमेश पोखरियाल निशंक के अगुवाई में कमेटी बनाई थी। निशंक ने बताया कि दृष्टि पत्र में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों के सुझावों का शामिल किया गया है। लगभग 78 हजार लोगों से ये सुझाव लिए गए। सभी वर्गों के मुद्दे को दृष्टि पत्र में शामिल किया गया है।

भाजपा का घोषणा पत्र जनता का घोषणापत्र है। 70 विधानसभा क्षेत्रों में सुझाव पेटी रखी गई थीं, जिसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं के सुझाव आए। समाज के हर वर्ग को फोकस कर घोषणापत्र बनाया गया है। गांव-गांव जाकर भी सुझाव लिए गए हैं।

मदन कौशिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *