Sun. Apr 19th, 2026

कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे से गुजर रही कार पर गिरी चट्टान, दंपती की मौत

-नारायणबगड़ की तरफ जा रही कार पर पहाड़ी से चट्टान गिर गई। जिससे कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार कुलसारी क्षेत्र के मैट्टा गांव निवासी बलवीर सिंह (45) और उनकी पत्नी सावित्री देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग लाया गया है। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन कर्णप्रयाग पहुंच गए हैं।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगोली के पास पहाड़ी से टूटकर गिरी चट्टान के नीचे कार दबने से दंपती की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार के ऊपर से जेसीबी की मदद से चट्टान हटाकर दंपती के शव निकाले। घटना से पिंडरघाटी क्षेत्र में शोक की लहर छाई है।

थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा और कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल ने शोक जताया है। कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2.45 बजे अल्टो कार देहरादून से कुलसारी मैटा जा रही थी। इसी दौरान बगोली में शिव मंदिर के पास 200 मीटर आगे नारायणबगड़ की तरफ जा रही कार के ऊपर पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई। जिससे कार पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार कुलसारी क्षेत्र के मैट्टा गांव निवासी बलवीर सिंह (45) और उनकी पत्नी सावित्री देवी (40) की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।

तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग लाया गया है। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन कर्णप्रयाग पहुंच गए हैं। मृतक बलवीर सिंह की गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। जबकि, उनकी पत्नी सावित्री देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। बताया जा रहा है कि दोनों देहरादून अपने बच्चों के पास गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *