Tue. Jun 2nd, 2026

उत्तराखंड सरकार: रणनीति के तहत खाली छोड़े 3 मंत्री पद

-11 मंत्री पद में से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ 8 कैबिनेट मंत्रियों ने ली शपथ

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। उत्तराखंड सरकार में 11 मंत्रियों का मानक है। लेकिन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केवल 8 मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया। 3 पद खाली रखने के कई निहितार्थ निकालने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह प्रयोग रणनीति के तहत दोहराया गया है।

वर्ष 2017 में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी अपनी कैबिनेट की 3 सीट खाली रखीं। नेतृत्व बदला तो कैबिनेट के सभी पद भरने पड़े। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि वर्तमान में मंत्री पद के कई दावेदार हैं। यदि कैबिनेट की सभी सीटें दीं तो अन्य विधायकों के लिए उम्मीद खत्म हो जाती। ऐसे में पार्टी में असंतोष बढ़ने का खतरा रहता।

विधायकों के लिए छोड़ी गुंजाइश 

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि कैबिनेट की 3 सीटों को खाली छोड़कर मुख्यमंत्री धामी ने विधायकों के लिए गुंजाइश छोड़ी है। दूसरे वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि मंत्री के 3 पद खाली होने से पार्टी का कोई विधायक सीधे तौर पर नाराजगी भी नहीं दिखा पाएगा।

4 मंत्री कांग्रेस पृष्ठभूमि के

धामी सरकार के 8 मंत्रियों में से 4 कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं। सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, व रेखा आर्य कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं। जबकि सौरभ कांग्रेस में सक्रिय नहीं रहे पर उनके पिता विजय बहुगुणा कांग्रेस में थे।

विभागों का बंटवारा जल्द होगा

मंत्रिमंडल गठन के बाद सबकी निगाहें विभागों के बंटवारे पर हैं। हर मंत्री की नजर खासकर लोनिवि, ऊर्जा, पर्यटन, हेल्थ, खनन, ग्राम्य विकास, वन व पर्यावरण और सूचना विभाग पर है। जनता से सीधे जुड़े होने ये विभाग महत्वपूर्ण माने जाते हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विभागों को लेकर मंथन कर रहे हैं। विभागों का बंटवारा जल्द हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *