Wed. Jun 3rd, 2026

उत्तराखंड में आज से दोपहर दो बजे बंद हो जाएंगी दुकानें

-उत्तराखंड सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में बढ़ाई सख्ती। नई गाइड लाइन जारी

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। उत्तराखंड सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में सख्ती बढ़ा दी है। मुख्य सचिव ने नई गाइड लाइन जारी की है। आज दोपहर दो बजे से बाजार बंद हो जाएंगे, केवल जरूरी सामान कि दुकानें ही दो बजे के बाद खुली रहेंगी। वहीं, कर्फ्यू भी दो घंटा बढ़ा दिया गया है। आज शाम सात बजे से कर्फ्यू शुरू हो जाएगा, जो सुबह पांच बजे तक रहेगा।

नई गाइड लाइन के अनुसार बाहरी राज्यों से उत्तराखंड आने वालों को स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। साथ ही उन्हें कोविड निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी, बिना रिपोर्ट के उन्हें उत्तराखंड में प्रवेश नहीं मिलेगा।

आरटीओ ने उठाए कदम

कोरोना संक्रमण के बीच आरटीओ ने सार्वजनिक वाहनों में अधिकतम 50 प्रतिशत यात्रियों का नियम लागू कर दिया है। अब किसी भी तरह के यात्री वाहन अधिकतम 50 प्रतिशत सवारियों की क्षमता के साथ चलेंगे। हर यात्रा के शुरू होने से पहले व खत्म होने पर पूरे वाहन को भीतर से सैनिटाइज करना अनिवार्य होगा। छूने वाली जगहों को विशेषकर सैनिटाइज करना होगा। वाहन चालक, परिचालक फेस शील्ड/मास्क आदि अनिवार्य रूप से पहनेंगे। वाहन के प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर की व्यवस्था अनिवार्य होगी। वाहन चालक, परिचालक व यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना आवश्यक होगा। बिना मास्क किसी भी यात्री को वाहन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहन में यात्रा के समय पान, गुटखा, तंबाकू, सिगरेट आदि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *