उत्तराखंड में 18 से 44 साल वालों को भी लगेगा टीका, देहरादून पहुंची वैक्सीन
-वैक्सीन के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के साथ ही selfregistration.covin.gov.in पर पंजीकरण होगा अनिवार्य
शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) shabd rath news। उत्तराखंड में 10 मई यानी सोमवार से 18 से 44 साल वालों को कोविड वैक्सीन लगेगी। इसके लिए वैक्सीन की पहली खेप आज देहरादून पहुंच गई है। सचिव अमित सिंह नेगी ने बताया कि 10 मई से 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू कराया जाएगा, इसके लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के साथ ही selfregistration.covin.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
अमित नेगी ने बताया कि कोविशिल्ड की 100002 वैक्सीन इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से जौलीग्रांट पहुंची। वैक्सीन को चंदननगर में कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रख दिया गया है।
50 लाख लोगों को लगेगा टीका
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 1 मई से 18 से 44 साल के लोगों के लिए टीके का ऐलान किया था। टीका न होने के कारण तीरथ सरकार इसको शुरू नहीं कर पाई थी। यह टीका 50 लाख लोगों को मुफ्त लगेगा। टीके निर्धारित स्थानों पर लगाए जाएंगे, इससे संबंधित पूरी जानकारी के लिए गोविंद पोर्टल पर जाना होगा। कोविन या आरोग्य सेतु के माध्यम से ही सेल्फ रजिस्ट्रेशन होगा या एडवांस अपॉइंटमेंट लिए जा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी कोविन पोर्टल पर बताई गई है।
