उत्तराखंड में एक हफ्ते और बढ़ेगा कोविड कर्फ्यू, राहत बढ़ेगी
-29 जून को कोविड कर्फ्यू की तय सीमा समाप्त हो जाएगी। ऐसे में सरकार एक हफ्ते और कर्फ्यू बढ़ाने पर विचार कर रही है। आज इस संबंध में आदेश जारी होने की संभावना है।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड में कोविड कर्फ्यू का एक हफ्ते के लिए और बढ़ना तय माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री व शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि कोविड कर्फ्यू की नई एसओपी रविवार (आज) को जारी होगी।
कोविड कर्फ्यू एक हफ्ते और बढ़ेगा। लेकिन, व्यप्रियों को राहत दी जाएगी। बाजार अभी शाम पांच बजे तक खुल रहे हैं। अगले हफ्ते से बाजार शाम सात बजे तक खुलेंगे। कोरोना संक्रमण में गिरावट आने के बाद सरकार यह फैसला लेने जा रही है।
पिकनिक स्पॉट खोलने के लिए व्यापारी बना रहे दवाब
अनुमान लगाया जा रहा है कि वीकेंड यानी शनिवार व रविवार को पिकनिट स्पाट, पर्यटक स्थल, मनोरंजक पार्क भी खोले जा सकते हैं। वीकेंड पर मसूरी, नैनीताल आदि शहरों में अब सैलानी लौटने लगे हैं। लेकिन, आसपास के मनोरंजक पार्क, पिकनिट स्पाट अभी बंद हैं। इन क्षेत्रों के व्यापारी सरकार पर इन्हें भी खोलने के लिए दबाव बना रहे हैं।
राष्ट्रीय पार्क व जू खोलने की अनुमति
व्यापारियों का कहना है कि जब सभी बाजार नियमित तौर पर खुले हैं तो फिर पिकनिट स्पाट बंद करने का औचित्य नहीं है, उन्हें भी खोला जाना चाहिए। वहीं, एनटीसीए भी राज्य के सभी राष्ट्रीय पार्क व जू खोलने की अनुमति दे चुका है। वन्यजीव प्रेमियों के लिए अब इन्हें भी खोला जा सकता है।
आरटीपीसीआर व एंटीजन में कोई एक जांच रिपोर्ट दिखानी अनिवार्य
अन्य प्रदेशों से उत्तराखंड में आने वालों के लिए आरटीपीसीआर व एंटीजन में कोई एक जांच रिपोर्ट दिखानी फिलहाल अनिवार्य रहेगी। स्कूल-कालेजों में जुलाई से शिक्षक-शिक्षिकाओं को बुलाया जा सकता है। सरकार इस पर विचार कर रही है। आज शाम तक इस संबंध में आदेश होने की संभावना है।
