Wed. Oct 7th, 2026

देहरादून में तीन लोगों की हत्या

मंगलवार को दंपती ने आरोपी राजकुमार को प्लंबिंग का काम करने के लिए घर बुलाया था। पुलिस के मुताबिक काम पूरा होने के बाद भुगतान के लिए दंपती से उसकी कहासुनी हो गई।

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में प्लंबर ने पैसों के लेनदेन पर हुए विवाद में बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची घरेलू सहायक महिला की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से भागने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद की गई है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सूचना पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पूछताछ में उसने घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और एक महिला पर पेचकस से हमला करने की बात बताई। पुलिस घर के अंदर पहुंची तो तीनों लहूलुहान हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान विष्णुलोक कॉलोनी निवासी रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) के रूप में हुई है। तीसरी मृतका तिलया देवी उर्फ शीला (48) थी, जो पड़ोस के घर में काम करती थी और बुजुर्ग दंपती के चीखने की आवाज सुनकर वहां पहुंची थी। बीचबचाव के दौरान आरोपी राजकुमार ने उसके पेट में भी पेचकस मार दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है और देहरादून के इंद्रेश नगर में रहता है। वह प्लंबर का काम करता है और रमेश कपूर के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी उसे दंपती ने प्लंबिंग का काम करने के लिए घर बुलाया था। पुलिस के मुताबिक काम पूरा होने के बाद भुगतान के लिए दंपती से उसकी कहासुनी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *