त्रिवेंद्र रावत का बनाया उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड खत्म, धामी ने किया ऐलान
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड सरकार ने देवस्थानम बोर्ड पर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में बने देवास्थानम बोर्ड को भंग कर दिया गया है। इससे पहले देवस्थानम बोर्ड पर फैसला लेने के लिए धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में गठित कैबिनेट सब कमेटी ने रिपोर्ट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंप थी। मनोहरकांत ध्यानी कमेटी की रिपोर्ट के अध्ययन के लिए मुख्यमंत्री धामी ने महाराज की अध्यक्षता में सब कमेटी बनाई गई थी।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व यतीश्वरानंद को भी कमेटी का सदस्य बनाया गया। सब कमेटी ने कुछ ही घंटों में सिफारिश मुख्यमंत्री को सौंप दी थी। सतपाल महाराज ने बताया कि पंडा, पुरोहितों और पुजारियों के हितों का पूरा ख्याल रखा है। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि एक-दो दिन में इस संबंध में निर्णय ले लिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद ने कहा कि सरकार तीर्थ पुरोहितों को निराश नहीं करेगी।
गौरतालब है कि पुरोहितों ने 30 नवम्बर तक फैसला न होने पर मोदी की रैली व शीतकालीन सत्र के विरोध की चेतावनी दी थी। चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत ने 30 नवंबर के बाद आंदोलन तेज करने की घोषणा भी की हुई थी। तीन दिसंबर को रुद्रप्रयाग में विरोध प्रदर्शन और चार दिसंबर को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली रैली का विरोध तय है। महापंचायत ने देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ सरकार की घेरेबंदी तेज कर दी है।
महापंचायत के प्रवक्ता बृजेश सती ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर चारों ओर से समर्थन मिल रहा है। सरकार की ओर से ठोस फैसला लेने की बजाय पूरे मामले को समितियों के नाम पर उलझाया जा रहा है। इसे अब और अधिक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
