Wed. Oct 14th, 2026

स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को मिले ढाई करोड़

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि बजट जिलेवार आवंटित किया है। इस बजट से छात्रों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेगी। धनराशि खेलों के आयोजन, खिलाडियों के भोजन व यात्रा पर खर्च होगी।

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के तहत आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिये राज्य सरकार ने 2.50 करोड़ का बजट स्वीकृत कर दिया है। जनपदवार आवंटित बजट खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाडियों के भोजन, यात्रा व खेल सुविधाओं पर खर्च किया जायेगा। साथ ही गत वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाडियों के व्यय बिलों के भुगतान का भी बजट में प्रावधान किया गया है।

आवंटित बजट में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों का भोजन, यात्रा व खेल सुविधाओं के लिये जनपदवार रुपए 1,35,60,000 (एक करोड़ 35 लाख 60 हजार) की धनराशि की जारी की है। जबकि, वित्तीय वर्ष 20225-26 में राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाडियों पर हुये व्यय के लिये 1,11,00,000 (एक करोड़ ग्यारह लाख) की भी व्यवस्था की गई है ताकि विगत वर्ष के व्यय बिलों का भुगतान किया जा सके।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए स्वीकृत बजट के तहत अल्मोड़ा जनपद को 10,42,500, बागेश्वर को 779400, चमोली 10,65,600, चंपावत 9,28,800, देहरादून 16,88,000, हरिद्वार 7,08,200, नैनीताल 13,26,000, पौड़ी 12,74,300, पिथौरागढ़ 8,32,100, रूद्रप्रयाग 5,20,600, टिहरी 7,63,500, ऊधमसिंह नगर 19,33,000 व उत्तरकाशी जनपद के लिये 6,98,000 की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिसमें प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिये 30 लाख 60 हजार की धनराशि की व्यवस्था की गई है। साथ ही भोजन मद में 55 लाख व प्रतिभागियों के यात्रा व्यय के लिये 50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। जबकि, अवशेष राशि खेल प्रतियोगिताओं के वार्षिक कैलेंडर जारी होने बाद आवंटित की जायेगी।

10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं करेंगे प्रतिभाग

विभागीय अधिकारियों बताया कि राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के लिए बजट आवंटित किए जाने से खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल सुविधाएं मुहैया की जा सकेगी, जिससे वह बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे।

राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। सरकार ने राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए रूपये 2.50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन व खिलाडियों की सुविधाओं में बजट की कमी आड़े नहीं आएगी।

– डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *