Sat. Jun 13th, 2026

शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय ने जयंती पर राधाकृष्णन को अर्पित की पुष्पांजलि, शिक्षकों को किया सम्मानित

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने राजकीय बालिका इण्टरमीडियट विद्यालय गदरपुर (उधम सिंह नगर) में पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। पाण्डेय ने शिक्षक दिवस पर विद्यालय की वर्चुअल लैब के माध्यम से उत्तराखंड प्रदेश के शिक्षक-शिक्षिकाओं को संबोधित कर शुभकामनाएं दी। पाण्डेय ने आग्रह किया कि हम अपने अनुभव, ज्ञान, शिक्षा, विचारों व कौशल को निरन्तर देश की सेवा में लगायें और नौनिहालों का जीवन और भविष्य उज्जवल करें। हम सदैव संकल्पबद्ध रहें कि सरकारी शिक्षा की विश्वसनीयता को पुनर्स्थापित करेंगे व शिक्षा से वंचित हर बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाएंगे।

अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टरमीडियट विद्यालय गदरपुर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह बतौर मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

शिक्षा मंत्री ने उदयराज हिन्दू इण्टर कॉलेज काशीपुर में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उदयराज हिन्दू इण्टर कॉलेज में शिक्षक दिवस पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे प्रदेश शिक्षा विभाग में कार्यरत व सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

पांडेय ने कहा कि शिक्षक, राष्ट्र की प्रगति, विकास का आधार और शिक्षा का श्रेष्ठ स्रोत हैं। देश समाज के लिए श्रेष्ठ नागरिक निर्माण के लिए सभी शिक्षकों का देवतुल्य कार्य अविस्मरणीय है। शिक्षक सदैव बच्चों और युवा मन को पोषित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। आप न केवल विद्यालयों की सीमाओं के भीतर अपितु सम्पूर्ण समाज को अपने ज्ञान से आलोकित करते हैं। प्रदेश के उन्नयन में पूर्ण लगन और निष्ठा से कार्यरत सभी शिक्षकों को सादर नमन करता हूँ विशेषतः उनका जो प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी अपना पूर्ण सहयोग दे रहे हैं।

अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि सभी शिक्षकों ने COVID-19 लॉकडाउन के समय में विद्यार्थियों के पठन-पाठन को सतत रूप से जारी रखने के लिए नवाचार किया और सभी बच्चों की शिक्षा यात्रा सुनिश्चित की, यह प्रशंसनीय है। इस सराहनीय व अभूतपूर्व कार्य के लिए सभी शिक्षक भाईयों, शिक्षिका बहनों व इन कार्यों में सहायक रहे सभी तकनीकी क्षेत्र से जुड़े बंधुओं को सह्रदय साधुवाद !

प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षण कार्य में उच्च मानक स्थापित करने हेतु मुख्य आधार हमारे शिक्षक भाई व शिक्षिका बहनें ही है। यह भी सत्य है की प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में जो अभूतपूर्व कार्य किए हैं उन सभी कार्यों का आधार हमारे समस्त शिक्षक भाई और शिक्षिका बहनें ही है। प्रदेश सरकार सभी शिक्षकों के अनुरूप वातावरण बनाने के प्रति पूर्ण प्रतिबद्ध है जिससे हमारे शिक्षक राष्ट्र निर्माण के इस महान व महत्वपूर्ण कार्य को करने में गौरवान्वित महसूस करें।

शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए पांडेय ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए प्रदेश शिक्षा विभाग में प्रतिभाशाली, लगनशील व मेहनती शिक्षकों का होना सभी के लिए प्रेरणादायक और गर्व का विषय है। सभी अपने उत्कृष्ट और अतुलनीय कार्य ऐसे ही निरंतर जारी रखें और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *