Thu. Apr 23rd, 2026

उत्तराखंड: साल में 3 गैस सिलिंडर मुफ्त देने का आदेश जारी, 1.84 लाख से अधिक को मिलेगा लाभ

-उत्तराखंड  शासनादेश के मुताबिक संबंधित गैस एजेंसी द्वारा अंत्योदय कार्डधारकों को मुफ्त रिफिल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने के बाद जुलाई व मार्च के अंत में बिल का प्रमाण व लाभार्थी का स्वप्रमाणित निर्धारित घोषणा पत्र जिलापूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। 

उत्तराखंड में एक लाख 84 हजार से अधिक अंत्योदय राशन कार्डधारकों को साल में रसोई गैस के 3 सिलिंडर मुफ्त मिलेंगे। साल में 3 बार वे मुफ्त गैस भरवा सकेंगे। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला होने के बाद बृहस्पतिवार को शासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है।

आदेश के मुताबिक मुफ्त गैस सिलिंडर के लिए लाभार्थी के पास अंत्योदय राशन कार्ड होना जरूरी है। मुफ्त गैस भरवाने की सुविधा जनपद के जिलापूर्ति अधिकारी के माध्यम से मिलेगी। जिलापूर्ति अधिकारी क्षेत्र की गैस एजेंसी को अंत्योदय कार्डधार की सूची उपलब्ध कराएंगे। जिसके बाद संबंधित गैस एजेंसी द्वारा अंत्योदय कार्डधारकों को इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जुलाई के बीच पहला, अगस्त से नवंबर के बीच दूसरा और दिसम्बर 2022 से मार्च 2023 के बीच तीसरा गैस सिलिंडर मुफ्त भरवाने की सुविधा मिलेगी।

शासनादेश के मुताबिक संबंधित गैस एजेंसी द्वारा अंत्योदय कार्डधारकों को मुफ्त रिफिल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने के बाद जुलाई व मार्च के अंत में बिल का प्रमाण व लाभार्थी का स्वप्रमाणित निर्धारित घोषणा पत्र जिलापूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी नियमानुसार गैस एजेंसी को इसका भुगतान करेंगे। जिलापूर्ति अधिकारियों को इसके लिए बजट की धनराशि आयुक्त खाद्य द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। गरीब परिवारों की महिलाओं को साल में 3 गैस सिलिंडर मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। 

-रेखा आर्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *