हरिद्वार कुंभ में फर्जी टेस्टिंग मामले में एसआईटी ने किया नया खुलासा
कुंभ मेले में मैक्स कारपोरेट सर्विसेज ने हिसार हरियाणा स्थित नलवा लैबोरेट्रीज और दिल्ली स्थित डा लालचंदानी लैब्स के जरिए कुंभ मेले में कोरोना टेस्टिंग की थी। बाद में जांच के दौरान बात सामने आई थी कि करीब एक लाख से अधिक टेस्ट फर्जी किए गए और इनके फर्जी बिल तैयार कर कुंभ मेला स्वास्थ्य विभाग में जमा कर दिए गए।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। कुंभ मेले में हुए कोरोना टेस्टिंग घोटाले की एसआईटी जांच में नया खुलासा हुआ है। जांच के मुताबिक कुंभ मेला स्वास्थ्य विभाग में टेस्टिंग के जो बिल जमा किए गए थे वो फर्जी थे। बिलों को हिसार स्थित नलवा लैबोरेट्रीज के फर्जी लेटरहेड का प्रयोग कर तैयार किया गया था। जांच अधिकारी का दावा है कि बिल डेलफिया लैब के मालिक ने तैयार कराए थे। हालांकि, नलवा लैब के डा नवतेज नलवा को फर्जीवाडे़ की जानकारी थी या नहीं, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।
कुंभ मेले में मैक्स कारपोरेट सर्विसेज ने हिसार हरियाणा स्थित नलवा लैबोरेट्रीज और दिल्ली स्थित डा लालचंदानी लैब्स के जरिए कुंभ मेले में कोरोना टेस्टिंग की थी। बाद में जांच के दौरान बात सामने आई थी कि करीब एक लाख से अधिक टेस्ट फर्जी किए गए और इनके फर्जी बिल तैयार कर कुंभ मेला स्वास्थ्य विभाग में जमा कर दिए गए। कुंभ मेला स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी बिलों को जांच के बिना ही कुछ भुगतान भी कर दिया था। लेकिन, करीब चार करोड़ का भुगतान करने से पहले घोटाले का खुलासा हो गया।
तत्कालीन जिलाधिकारी सी रविशंकर के आदेश पर सीएमओ डा एसके झा ने नगर कोतवाली में मैक्स, नलवा और डा लाल चंदानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते बाद में मामले में एसआईटी बना दी गई थी। हालांकि, अभी जांच जारी और आशीष वशिष्ठ मैक्स कोरपोरेट सर्विसेज के मालिक मल्लिका पंत और शरत पंत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच अधिकारी निरीक्षक राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि बिलों का अवलोकन एक्सपर्ट के जरिए कराया गया, जिसमें ये पाया गया कि बिलों को नलवा के फर्जी लेटरहेड का प्रयोग कर तैयार किया गया था। क्योंकि, इन बिलों में आईसीएमआर आईडी निल है जो फर्जीवाडे़ की ओर इशारा करती है। ये तथ्य सीडीओ सौरभ गहरवार की जांच में भी समाने आया था, जो हमारी जांच में पुख्ता हुआ है। जांच अधिकारी का कहना है कि अभी तक डा नवतेज नलवा को क्लीन चिट नहीं दी है, उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। डा नवतेज नलवा फरार है, उनको गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
