वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र जोशी का निधन, कोरोना संक्रमित हो गए थे जोशी
-संक्रमित होने के बाद उन्हें आरोग्यधाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली
शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार व हरदिल अजीज राजेंद्र जोशी हमारे बीच नहीं रहे। कोरोना संक्रमण से उनका निधन हो गया। जोशी वर्तमान में विज्ञापन अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष थे।
संक्रमित होने के बाद कुछ दिन पहले ही उन्हें आरोग्यधाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉ विपुल कंडवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण उनके लंग्स तक पहुंच गया था। संक्रमण लगातार बढ़ता गया, जिसके चलते उनको बचाया नहीं जा सका।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जोशी के निधन पर दुख व्यक्ति किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशी का निधन उत्तराखण्ड में पत्रकारिता जगत को बड़ी क्षति है। राज्य सरकार दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ है। जोशी के निधन पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, सचिव सूचना दिलीप जावलकर, महानिदेशक सूचना रणबीर सिंह चौहान, अपर निदेशक डाॅ अनिल चंदोला सहित सूचना विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने भी शोक व्यक्त किया है।
