सराहनीय पहल: डीएम ने दिए आदेश… जींस-टी-शर्ट पहनकर ऑफिस नहीं आएंगे अधिकारी-कर्मचारी
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। बागेश्वर जनपद में जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारी शालीन कपड़ों यानी सामान्य गणवेश में ऑफिस आएंगे। अब ऑफिस टाइम में जींस व टी-शर्ट सरकारी-अधिकारी कर्मचारी नहीं पहन पाएंगे। बागेश्वर के जिलाधिकारी विनीत कुमार ने इसके बाकायदा आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा है कि जनपद स्तर अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में ड्रेस कोड का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आदेश में कहा कि प्राय: संज्ञान में आ रहा है कि जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी ड्रेस कोड का अनुपालन न कर अपने उच्च अधिकारियों के सामने हमेशा जीन्स व टी-शर्ट पहन कर आ रहे हैं। बैठकों में भी जीन्स व टी-शर्ट पहन कर प्रतिभाग किया जा रहा है। राजकीय कर्मचारी होने के नाते यह शोभायमान नहीं है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी कर्मचारियों के जीन्स व टी-शर्ट पहन कर आने से कार्यालय प्रबंधन की छवि खराब होने के साथ ही समाज में भी इसका संदेश गलत तरीके से प्रस्तुत हो रहा है।
जिलाधिकारी ने आदेश ने कहा है कि जिला स्तरीय सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वह कार्यालय अवधि में अपने पूर्ण गणवेश को धारण करने के बाद ही काम करना सुनिश्चित करें। यदि कोर्इ अधिकारी/कर्मचारी टी-शर्ट, जीन्स आदि पहने हुये कार्यालय आया तो इसे गम्भीरता से लिया जायेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
