विधानसभा में आवाज उठाने पर भाजपा विधायक को नोटिस, लटकी कार्रवाई की तलवार
देहरादून: लोहाघाट से भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल को विधानसभा में आवाज उठाना भारी पड़ गया। अब उन पर संगठन से कार्रवाई की तलवार लटक रही है। पार्टी की ओर से फर्त्याल को नोटिस जारी किया है । विधायक से 7 दिन में जवाब मांगा गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विधायक फर्त्याल को एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देना होगा। जवाब के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। भगत ने कहा कि विधायक फर्त्याल ने सदन के अंदर और बाहर जिस भाषा को प्रयोग किया, वह अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
इस कारण भेजा गया नोटिस
विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान 23 सितंबर को पूरन सिंह फर्त्याल ने टनकपुर-जौलजीबी मोटरमार्ग के टेंडर से संबंधित मामला उठाते हुए कार्यस्थगन (नियम-58) की सूचना दी। पीठ ने उनके कार्यस्थान का हालांकि संज्ञान नहीं लिया था। लेकिन, विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधने में देर नहीं लगाई। फर्त्याल लंबे समय से टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग के टेंडर में घपले की मांग को लेकर मुखर हैं। इस संबंध में वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को पत्र भेज चुके हैं। पार्टी ने विधायक के इस तरह आवाज उठाने को अनुशासनहीनता मानते हुए नोटिस जारी किया है।
