इस साल परेड ग्राउंड में नहीं जलेगा रावण, डीएम ने दिए निर्देश
-डीएम (dm) डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव (Ashish Kumar Shrivastava) ने शुक्रवार को जारी किए आदेश। डीएम ने कहा, कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए दशहरे के मेले पर रहेगा प्रतिबंध
देहरादून (Dehradun)। दशहरे पर इस साल परेड ग्राउंड (pared graund) में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले नहीं जलेंगे। शहर में परेड ग्राउंड सहित किसी भी सार्वजनिक स्थान पर दशहरे का मेला (dashahara festival) नहीं लगेगा। इसके आदेश डीएम (dm) डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव (Ashish Kumar Shrivastava) ने शुक्रवार को जारी किए हैं। डीएम ने कहा है कि कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए दशहरे के मेले पर प्रतिबंध रहेगा।

डीएम ने बताया कि भारत सरकार व उत्तराखण्ड सरकार की गाइड लाइन में भी कहा गया है कि इस वर्ष विजयदशमी (दशहरा) के मुख्य पर्व पर धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के एकत्र होने पर प्रतिबन्ध रहेगा। वहीं, दशहरे पर आयोजित होने वाले मेलों पर भी प्रतिबन्ध रहेगा। गाइड लाइन का पालन करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। गाइडलाइन के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि दशहरे पर कहीं भी सार्वजनिक आयोजन नहीं होगा और न ही लोग इकट्ठा होंगे।
विजयदशमी पर रहेगा सूनापन
शहर में परेड ग्राउंड के साथ ही प्रेमनगर, पटेल नगर, क्लेमनटाउन में भी दशहरे पर बड़े आयोजन होते थे। मेला लगने के साथ ही रावण, कुंभकरण और मेघनाद के बड़े बड़े पुतले जलाए जाते थे। दरबार साहिब के तालाब में भी दशहरे के दिन लंका दहन होता था। इस साल कोरोना के कारण सब स्थगित रहेगा। ऐसे में त्यौहार पर सूनापन तो रहेगा ही, इन आयोजनों के न होने से बड़ा आर्थिक नुक़सान भी होगा।
