शहीद भगत सिंह के अपमान पर एसएफआई के जलाया गढ़वाल विवि प्रशासन का पुतला
देहरादून। एसएफआई ने एचएनबी गढ़वाल विश्विद्यालय प्रशासन पर शहीद भगत सिंह का अपमान करने का आरोप लगाते हुए विवि प्रशासन का पुतला फूंका। मंगलवार को एसएफआई कार्यालय से विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसएफआई कार्यकर्ता डीएवी पीजी कालेज के गेट पर पहुंचे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने वहां पर पुतला जलाया।
एसएफ़आई के प्रदेश अध्यक्ष नितिन मेलठा व प्रदेश सचिव हिमांशु चौहान ने कहा कि 28 सितम्बर को शहीद-ए-आज़म भगतसिंह का जन्मदिवस एसएफआई की श्रीनगर इकाई के द्वारा मनाया था। एसएफआई ने कालेज परिसर में भगत सिंह से संबंधित पोस्टर लगाए थे। लेकिन, वि वि प्रशासन ने पोस्टर फाड़ दिए। भगत सिंह व उनके विचारों के पोस्टर फाड़ना उनका अपमान करना है। श्रीनगर इकाई सचिव कमलेश नेगी से वार्ता कर उन्होंने बताया कि प्रकरण को लेकर एसएफ़आई कार्यकर्ताओं ने डीएसडब्ल्यू से बात की। उन्होंने कहा कि पोस्टर फाड़ना गलत है लोकतंत्र में सभी को विचार अभिव्यक्त करने की आज़ादी है। उन्होंने प्रशासन की गलती स्वीकार की। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की।

एसएफ़आई उत्तराखंड राज्य कमेटी ने कहा कि मामले में उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। पुतला फूंकने वालों में एसएफआई डीएवी इकाई सचिव शैलेंद्र परमार, कार्यकारी अध्यक्ष सोनाली नेगी, मोहित बिष्ट, अमन सिंह, शार्दूल भंडारी, मनीष नॉटियाल, मनीष कुर्मी आदि शामिल रहे।
