Thu. Sep 3rd, 2026

समाज को एक सूत्र में पिरोने वाले संत रविदास का जीवन अनुकरणीय: गामा

-डॉ भीमराव अंबेडकर सेवा समिति ब्रम्हपुरी ने संत रविदास के 644वें जन्मोत्सव आयोजित किया कार्यक्रम। इस अवसर पर छठ पार्क निर्माण कार्यों के निरीक्षण के बाद महापौर और विधायक ने की अंबेडकर भवन व विद्यालय बनाने की घोषणा

देहरादून। लगभग 600 पहले छुआछूत जैसी बुराइयों को मिटाने के लिए संघर्ष कर समाज को एक सूत्र में पिरोने वाले संत रविदास का जीवन अनुकरणीय है। वर्तमान में भी उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। महापौर सुनील उनियाल गामा ने रविदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। गामा ने कहा कि रविदास ने भक्ति आंदोलन के जरिए समाज के सभी वर्गों को जाग्रत किया। ऐसे व्यक्तित्व जिस भी काल में आते हैं, वह काल उनके कार्यों के कारण इतिहास में दर्ज होता है।


डॉ भीमराव अंबेडकर सेवा समिति ब्रम्हपुरी ने संत रविदास के 644वें जन्मोत्सव शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया। गामा ने इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार की ओर से ब्रम्हपुरी (धर्मपुर विधानसभा), महानगर व प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही अगले वर्ष होने वाले चुनाव में दोबारा भाजपा सरकार बनाने की अपील की।
धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने संत रविदास से जुड़ी घटनाओं को उद्धृत करते हुए कहा की संत अपने कालखंड में समाज में चल रहे आडंबर व छुआछूत से टकराए। समाज में सुधार करने वालों को बहुत कुछ सहना पड़ता है। लेकिन, आने वाला इतिहास युगों तक उसे याद रखता है, यही कारण है कि हम उन्हें याद कर रहे हैं और आने वाले सैकड़ों सालों तक याद करते रहेंगे। चमोली के कहा कि संत रविदास ने मन की शुद्धि को स्थापित कर बताया कि परोपकार में ही आनंद, भक्ति और मुक्ति है।चमोली ने कहा कि परिवार में बच्चों की किलकारी हमें बताती है कि हमारी आने वाली पीढ़ी सुरक्षित है, बुजुर्ग अभिभावकों की खांसी हमें बताती है कि हम सुरक्षित हैं। संत रविदास की रचनाओं से हमें उसी सामाजिक सुरक्षा का एहसास होता है जिसके कारण आताताई के षड्यंत्र के बावजूद हमारी एकता हजारों वर्षों से बनी हुई है।

भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संत रविदास, डॉ अंबेडकर जैसे व्यक्ति अपना जीवन समाज के लिए होम कर देते हैं ताकि समाज में समरसता स्थापित रहे। पार्षद सतीश कश्यप ने महापौर व विधायक से ब्रम्हपुरी में अंबेडकर भवन बनाने की अपील की, जिसे दोनों नेताओं ने तुरंत स्वीकृति दी। बताया कि यह छठ पार्क से अलग भूमि पर बनाया जाएगा, इसके लिए नगर निगम शीघ्र ही प्रस्ताव लाएगा।
कार्यक्रम में शिव नारायण तिवारी, हरवीर सिंह यादव, मुकेश चौहान, विनोद गुप्ता, विजय कुमार, योगेंद्र सिंह गुड्डू , विजयपाल, राजाराम, दयाराम, रामबहादुर, रामकिशन, संजीव सिंघल, विद्या देवी, निधि राणा, कमला देवी, ओमवती सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *