Sat. Apr 18th, 2026

पूर्व कैबिनेट मंत्री को मनाने में कामयाब रही कांग्रेस, नामांकन लिया वापस

-कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश से वार्ता के बाद शूरवीर सिंह सजवाण ने नामांकन वापस ले लिया है। जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को समर्थन दिया है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस प्रत्याशी रमोला के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए जुटने की अपील की।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। विधानसभा चुनाव में निर्दलीय नामांकन करने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में कांग्रेस संगठन कामयाब रहा है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश से वार्ता के बाद सजवाण ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को समर्थन दिया है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस प्रत्याशी रमोला के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए जुटने की अपील की। संभावना जताई जा रही है कि शूरवीर सिंह सजवाण को प्रदेश संगठन में बड़ा पद मिल सकता है। उन्हें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की चर्चा चल रही है ।

जनपद पौड़ी में पांच प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। इनमें से चार आम आदमी पार्टी के वैकल्पिक प्रत्याशी हैं। वहीं, एक निर्दलीय प्रत्याशी का नाम शामिल है। विधानसभा कोटद्वार में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा के बागी नेता धीरेंद्र चौहान ने नाम वापस नहीं लिया है। जिले की छह विधानसभा सीटों में अब 47 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।

विधानसभा चुनाव में रुद्रप्रयाग जिले की दो विधानसभा सीटों पर कुल 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोनों सीटों पर एक-एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया। विधानसभा चुनाव के लिए दोनों विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय दलों के साथ निर्दलीय के रूप में 27 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। केदारनाथ विस के रिटर्निंग अधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में माला तिवारी ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब कुल 13 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इधर, रुद्रप्रयाग विस रिटर्निंग अधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी देवी ने नाम वापस लिया है। अब कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *