Fri. Apr 24th, 2026

गर्लफ्रेंड की बेरुखी: वीडियो कॉल पर गर्लफ्रेंड के सामने ही फांसी पर झूल गया बीटेक छात्र

प्रेम के चक्कर में पड़कर बीटेक की पढ़ाई कर रहे एक युवा ने अपनी जान दे दी। हादसा देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुआ। जहां युवती से बातचीत बंद होने से खफा बीटेक के छात्र ने उसे वीडियो कॉल लगाई और उसके सामने फांसी पर झूल गया। छात्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह एक युवती से प्यार करता था। युवती ने कुछ दिन पहले उसे ब्लॉक कर दिया था। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुभम पुत्र रविंद्र प्रताप सिंह निवासी मुजफ्फरपुर बिहार प्रेमनगर क्षेत्र के तुलाज इंस्टीट्यूट से बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह एक युवती से प्यार करता था। लेकिन, कुछ दिन पहले दोनों में बातचीत बंद हो गई। इस पर युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया। इससे शुभम काफी परेशान रहने लगा। शुभम क्षेत्र के एक हॉस्टल में अपने साथी के साथ रहता था। रात में खाना खाने के बाद उसका साथी बाहर घूमने चला गया। इसके बाद शुभम ने अपने स्टेटस पर हाथ की नस काटने की फोटो लगाई और युवती से प्यार करने की बात लिखी।

डॉक्टरों ने कर दिया मृत घोषित 

युवती ने तो शुभम को ब्लॉक किया हुआ था। लेकिन, यह स्टेटस उसकी दोस्तों ने देख लिया। यह बात उन्होंने युवती को बताई तो उसने अनब्लॉक किया और शुभम को फोन लगाया। युवती ने शुभम को इस तरह की हरकत न करने को कहा। युवती ने कहा कि इस तरह तुम उसे ब्लैकमेल कर रहे हो। इस पर शुभम और ज्यादा गुस्सा हो गया। उसने पास में रखी एक रस्सी ली और पंखे से बांधकर फांसी लगा ली। घबराई युवती ने उसके साथी को फोन किया। साथी जब तक पहुंचता तब तक वह फंदे पर लटक गया। अन्य साथियों ने पुलिस को फोन किया, दरवाजा तोड़कर शुभम के शव को फंदे से उतारकर ग्राफिक ऐरा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में उसके साथियों से पूछताछ की गई है। शुभम के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उसके पास से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले में जांच की जा रही है।
पीडी भट्ट, एसओ प्रेमनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *