Fri. Oct 2nd, 2026

जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, मौत

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोश मिले। सुबह गार्ड ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों को तत्काल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश पुत्र रामसागर, निवासी फैजाबाद (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे तकनीकी समस्या आने के बाद दोनों उसका निरीक्षण करने जनरेटर रूम में गए थे। सुबह गार्ड ने उन्हें अचेत पाया। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *